Weather News: दिल्ली में अक्टूबर के महीने में भी अप्रैल जैसी गर्मी! UP में जानें कैसा रहेगा मौसम का हाल?
Delhi, Uttar Pradesh Weather News: दिल्ली में इस साल अक्टूबर का महीना भी भीषण गर्मी लेकर आया है। आमतौर पर इस समय मौसम थोड़ा ठंडा होना शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार गर्मी बिल्कुल अप्रैल जैसी महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। तेज धूप और सामान्य से अधिक तापमान के चलते, दिल्लीवासियों को कुछ समय तक गर्मी झेलनी पड़ सकती है।

जानें दिल्ली के तापमान का हाल?
दिल्ली की प्रमुख वेधशाला सफदरजंग में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। दिन भर तेज और चमकदार धूप निकलने से तापमान में इजाफा हुआ। सफदरजंग मौसम केंद्र के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो कि सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था।
आर्द्रता का स्तर भी 90% से लेकर 37% तक दर्ज किया गया, जिससे लोगों को अधिक उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी साफ आसमान और तेज धूप का अनुमान लगाया है। सोमवार के लिए अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
प्रदूषण में बढ़ोतरी
गर्मी के साथ ही दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर भी थोड़ा बढ़ा है, हालांकि यह अभी भी मध्यम श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 143 पर रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा भी इसी श्रेणी में रही, जहां नोएडा का AQI 144 और ग्रेटर नोएडा का 172 दर्ज किया गया। इस सप्ताह की तेज धूप के कारण प्रदूषण के स्तर में अत्यधिक वृद्धि की संभावना कम है।
वायु गुणवत्ता के स्तर का मतलब
- 0-50: अच्छा
- 51-100: संतोषजनक
- 101-200: मध्यम
- 201-300: खराब
- 301-400: बहुत खराब
- 401-500: गंभीर
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
जहां दिल्ली में गर्मी और प्रदूषण ने मुश्किलें बढ़ाई हैं, वहीं उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। कुछ इलाकों में उमस भरी गर्मी के बाद बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ सहित कई जिलों में बारिश हुई, और यह सिलसिला कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है।
किन जिलों में बारिश के आसार?
सोमवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है। इनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है।
कहां बिजली गिरने का अलर्ट?
उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल गरजने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, और सोनभद्र में बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती और कानपुर नगर में भी बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम इन दिनों अलग-अलग रंग दिखा रहा है। जहां एक ओर दिल्ली में अप्रत्याशित गर्मी और बढ़ते प्रदूषण ने मुश्किलें बढ़ाई हैं, वहीं उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। आने वाले दिनों में भी दोनों जगहों पर मौसम में खास बदलाव की संभावना बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications