दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट का वीडियो आया सामने, चलती गोलियों के बीच दहशत से भागते दिखे लोग
नई दिल्ली, 24 सितंबर: राजधानी दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गैंगवार देखने को मिला है। शुक्रवार दोपहर जेल से पेशी पर आए गैंगस्टर जितेंद्र उर्फ गोगी की दो लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद कोर्ट परिसर में हुए शूटआउट में दोनों हमलावरों को भी स्पेशल सेल के जवानों ने मार गिराया। कुछ ही देर के भीतर रोहिणी कोर्ट परिसर में तीन मौतें हुई हैं। इनमें से एक जितेंद्र है, जबकि दो उसको मारने वाले हमलावर हैं। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
Recommended Video

वीडियो में गोली चलाते दिखे पुलिस जवान
रोहिणी कोर्ट में गोलियां चलने के जो वीडियो सामने आए हैं, उसमें जवान बंदूक संभाले गोलियां चला रहे हैं। वहीं कोर्ट के कर्मचारी और दूसरे लोग इस सबसे पैदा हुई दहशत में भागते दिख रहे हैं। इस बीच लगातार गोलियां चलने की आवाजें भी आ रही हैं।
वकील की ड्रेस में पहुंचे थे हमलावर
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल का कहना है कि दो हमलावर वकील का भेष बनाकर कोर्ट परिसर में पहुंचे थे। इन्ही हमलावरों ने गैंगस्टर जितेंद्र गोगी पर गोली चलाई। ये घटना उस वक्त हुई जब स्पेशल सेल की टीम जितेंद्र को कोर्ट रूम में लेकर गई थी। कोर्ट रूम में ही गैंगस्टर जितेंद्र गोगी पर हमलावरों ने गोली चलाई। इसके बाद वकीलों की ड्रेस में आए इन दो हमलावरों को मार गिराया गया।

हमलावरों का भी आपराधिक इतिहास
जितेंद्र उर्फ गोगी को तिहाड़ जेल में बंद था। आज (24 सितंबर) को पेशी के लिए उसे रोहिणी कोर्ट लाया गया था। इसी दौरान रोहिणी कोर्ट परिसर में ये घटना हुई। बताया गया है कि गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या दिल्ली के टिल्लू गैंग ने करवाई है। जिन 2 हमलावरों को स्पेशल सेल की टीम ने मार गिराया है, उनमें से एक का नाम राहुल है, जिसपर 50 हजार का इनाम था।












Click it and Unblock the Notifications