जैन मुनि बोले- विशाल डडलानी को धर्म के बारे में कुछ नहीं पता, दिल्ली विधानसभा में भी होना था प्रवचन
नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा में प्रवचन देने की वजह से एक बार फिर चर्चा में आए जैन मुनि तरुण सागर ने आम आदमी पार्टी के समर्थक और सिंगर विशाल डडलानी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विशाल डडलानी को जैन धर्म और उसके विश्वास के बारे में कुछ भी नहीं पता।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा बयान को लेकर माफी जैसी कोई बात नहीं है। जैन मुनि ने कहा, 'मैं उनकी बातों से नाराज नहीं हूं, इसलिए माफी मांगने जैसा कोई सवाल नहीं है।'
केजरीवाल ने भी जताई थी नाराजगी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी विशाल डडलानी के बयान पर अफसोस जताया था। जैन मुनि ने कहा कि उन्हें 15 मार्च को दिल्ली विधानसभा को संबोधित करने का भी न्योता मिला था। उन्होंने बताया कि सीएम केजरीवाल और विधानसभा अध्यक्ष, दोनों ने उन्हें न्योता भेजा था। हालांकि इसे ऐन मौके पर रद्द कर दिया गया।
विशाल डडलानी ने राजनीति से किया किनारा
बता दें कि विशाल डडलानी ने हरियाणा विधानसभा में जैन मुनि के संबोधन पर एक ट्वीट किया था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ। ट्वीट को लेकर लोगों ने बुरा भला कहा तो उन्होंने माफी मांग ली और इसी के साथ राजनीति से दूर रहने की भी घोषणा कर दी।
मुंबई में केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
उधर, मुंबई के चेंबूर में विशाल डडलानी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में विशाल डडलानी के ट्वीट का जिक्र किया गया है और आरोप लगाया गया है कि उन्होंने जैन मुनि के खिलाफ अपशब्द कहे हैं। जोन 6 के डीजीपी ने कहा, 'हम शिकायत पर गौर कर रहे हैं। इस मामले में कानूनी सलाह भी ली जा ही है। मामले में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।'












Click it and Unblock the Notifications