Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

UGC New Rule: दिल्ली में प्रदर्शन, UGC के नए नियमों में क्या बदलाव? क्यों भड़का सवर्ण? पढ़ें 5 बड़े अपडेट

UGC New Rule Controversy: देश में उच्च शिक्षा से जुड़े नए नियमों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन यानी UGC द्वारा जनवरी 2026 में जारी किए गए नए रेगुलेशंस के खिलाफ दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर इन नियमों में ऐसा क्या है, जिससे सामान्य वर्ग के छात्र और संगठन सड़कों पर उतर आए हैं। आइए, पूरे विवाद को आसान भाषा में, पांच बड़े अपडेट्स के साथ समझते हैं।

दिल्ली में UGC हेडक्वार्टर के बाहर हंगामा (UGC Protest Delhi)

मंगलवार (27 जनवरी) सुबह दिल्ली स्थित UGC मुख्यालय के बाहर हालात तनावपूर्ण हो गए। जनरल कैटेगरी के छात्र और सवर्ण संगठनों ने नए नियमों के खिलाफ प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने भारी सुरक्षा तैनात कर दी। मुख्य गेट पर बैरिकेड्स लगाए गए और किसी भी प्रदर्शनकारी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ये नियम उनके खिलाफ भेदभाव को बढ़ावा देते हैं और इन्हें तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

UGC New Rule Controversy

दिल्ली तक ही मामला सीमित नहीं रहा। उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, रायबरेली, मेरठ, प्रयागराज और सीतापुर जैसे शहरों में छात्रों और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किए। रायबरेली में कुछ संगठनों ने सवर्ण सांसदों को चूड़ियां भेजकर नाराजगी जताई। वहीं बिहार के कई जिलों से भी विरोध की खबरें सामने आईं। संभल में केमिस्ट ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने काली पट्टी बांधकर बाइक रैली निकाली और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

इस्तीफे से लेकर सोशल मीडिया तक गूंज (UGC Rule Controversy Reaction)

इस विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब यूपी के बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने नए नियमों के विरोध में इस्तीफा दे दिया। सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई। कवि कुमार विश्वास ने इन नियमों पर तंज कसते हुए एक व्यंग्यात्मक पोस्ट शेयर की, जो तेजी से वायरल हो गई। जमीन पर हो रहे प्रदर्शनों के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी UGC के नए नियमों के खिलाफ माहौल बन गया है।

1️⃣UGC के नए नियम क्या कहते हैं? (UGC New Rules Explained in Hindi)

UGC ने कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस में बराबरी और निष्पक्ष माहौल बनाने के लिए नए नियम लागू किए हैं। इनका मकसद यह है कि किसी भी छात्र के साथ जाति, वर्ग या किसी अन्य आधार पर भेदभाव न हो। नए नियमों को आसान भाषा में समझें।

हर कॉलेज में बनेगा ईक्वल अपॉर्च्यूनिटी सेंटर (EOC)

अब हर उच्च शिक्षण संस्थान में ईक्वल अपॉर्च्यूनिटी सेंटर बनाना अनिवार्य होगा। यह सेंटर खासतौर पर पिछड़े और वंचित वर्ग के छात्रों की मदद करेगा। पढ़ाई से जुड़ी दिक्कतें हों, फीस की समस्या हो या भेदभाव की शिकायत, EOC छात्रों को हर स्तर पर मार्गदर्शन देगा।

इक्वलिटी कमेटी का गठन जरूरी (Equality Committee in Colleges)

हर कॉलेज और यूनिवर्सिटी में एक इक्वलिटी कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी की जिम्मेदारी कैंपस में समानता बनाए रखना होगी। कॉलेज के प्रमुख यानी प्रिंसिपल या कुलपति इस कमेटी के अध्यक्ष होंगे। कमेटी में SC, ST, OBC वर्ग के प्रतिनिधि, महिलाएं और दिव्यांग सदस्य शामिल किए जाएंगे, ताकि हर वर्ग की आवाज सुनी जा सके।

दो साल का होगा कमेटी का कार्यकाल

इक्वलिटी कमेटी का कार्यकाल दो वर्षों का तय किया गया है। तय समय के भीतर कमेटी को अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी और जरूरत पड़ने पर नियमों के पालन की समीक्षा भी करनी होगी।

भेदभाव पर नजर रखने के लिए इक्वलिटी स्क्वाड

कॉलेजों में अब एक अलग से इक्वलिटी स्क्वाड भी बनाया जाएगा। यह स्क्वाड कैंपस में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी छात्र के साथ भेदभाव न हो।

शिकायत मिलते ही तय समय में कार्रवाई (Complaint Redressal Timeline)

अगर किसी छात्र द्वारा भेदभाव की शिकायत की जाती है, तो 24 घंटे के भीतर इस पर कमेटी की बैठक बुलाना अनिवार्य होगा। जांच के बाद 15 दिनों के अंदर पूरी रिपोर्ट कॉलेज प्रमुख को सौंपी जाएगी। इसके बाद कॉलेज प्रशासन को 7 दिनों के भीतर जरूरी कार्रवाई शुरू करनी होगी।

नियमित रिपोर्टिंग होगी अनिवार्य

ईक्वल अपॉर्च्यूनिटी सेंटर हर छह महीने में कॉलेज प्रशासन को अपनी रिपोर्ट देगा। इसके अलावा, हर कॉलेज को साल में एक बार जातीय भेदभाव से जुड़ी पूरी जानकारी UGC को भेजनी होगी। इससे यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नियम सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें।

राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी कमेटी (UGC National Monitoring Committee)

UGC खुद भी इस पूरे सिस्टम की निगरानी करेगा। इसके लिए एक राष्ट्रीय निगरानी कमेटी बनाई जाएगी, जो अलग-अलग कॉलेजों से आने वाली रिपोर्ट्स की समीक्षा करेगी।

नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई (Penalty for Rule Violation)

अगर कोई कॉलेज या यूनिवर्सिटी इन नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। UGC उस संस्थान की ग्रांट रोक सकता है। इसके अलावा, डिग्री कोर्स, ऑनलाइन या डिस्टेंस लर्निंग प्रोग्राम पर भी रोक लगाई जा सकती है। गंभीर मामलों में कॉलेज या यूनिवर्सिटी की मान्यता तक रद्द की जा सकती है।

इन नए नियमों के जरिए UGC का दावा है कि कैंपस में समानता और पारदर्शिता को मजबूत किया जाएगा। हालांकि, इन्हीं प्रावधानों को लेकर देशभर में बहस और विरोध भी देखने को मिल रहा है।

2️⃣यूजीसी विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला (UGC New Rules Supreme Court Case)

UGC के नए नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया गया है। वकील विनीत जिंदल ने अदालत में याचिका दायर कर नियम 3(सी) को भेदभावपूर्ण बताया है। याचिका में कहा गया है कि यह प्रावधान संविधान के अनुच्छेद 14, 19 और 21 का उल्लंघन करता है। इससे पहले भी एक जनहित याचिका दाखिल की जा चुकी है, जिसमें नए नियमों को मनमाना और असंवैधानिक बताते हुए रद्द करने की मांग की गई थी। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि समानता के नाम पर कुछ वर्गों को अलग तरह से ट्रीट किया जा रहा है।

3️⃣यूजीसी नए कानून पर सरकार का पक्ष क्या है? (Government Stand On UGC Rules)

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार जल्द ही इन नियमों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने रखेगी। सरकार का मानना है कि बजट सत्र से पहले इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और सामान्य वर्ग को गुमराह किया जा रहा है। सरकार का यह भी कहना है कि नए नियमों का मकसद किसी वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि कैंपस में निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।

4️⃣UGC के नए नियमों में क्या बदला? (UGC New Rules 2026 Explained)

  • UGC ने 13 जनवरी 2026 को 'प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशंस रेगुलेशन्स, 2026' लागू किए। इसके तहत कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज में जाति आधारित भेदभाव रोकने के लिए तीन बड़े बदलाव किए गए हैं।
  • पहला बदलाव यह है कि जातिगत भेदभाव की स्पष्ट परिभाषा दी गई है। अब जाति, धर्म, लिंग, जन्म स्थान या विकलांगता के आधार पर पढ़ाई में बाधा डालने वाला कोई भी व्यवहार भेदभाव माना जाएगा।
  • दूसरा बदलाव यह है कि इस परिभाषा में SC और ST के साथ OBC छात्रों को भी शामिल किया गया है। यानी अब OBC छात्रों के खिलाफ किसी भी पक्षपात को भी जाति आधारित भेदभाव माना जाएगा।
  • तीसरा और सबसे विवादित बदलाव झूठी शिकायत पर सजा के प्रावधान को हटाना है। ड्राफ्ट नियमों में झूठी शिकायत करने पर जुर्माना या निलंबन का प्रावधान था, लेकिन फाइनल नियमों में इसे हटा दिया गया है। इसी बात को लेकर सबसे ज्यादा विरोध हो रहा है।

5️⃣UGC के नए नियमों से क्यों नाराज है जनरल कैटेगरी? (Why General Category Opposing UGC Rules)

आलोचकों का कहना है कि इन नियमों से जनरल कैटेगरी के छात्र 'स्वाभाविक अपराधी' की तरह देखे जाएंगे। उन्हें डर है कि बिना ठोस जांच के शिकायतों का गलत इस्तेमाल हो सकता है, जिससे कैंपस में तनाव और अराजकता बढ़ेगी। इसी आशंका के चलते सामान्य वर्ग के छात्र और संगठन नियमों में संशोधन या इन्हें वापस लेने की मांग कर रहे हैं।

कुल मिलाकर, UGC के नए नियम शिक्षा में समानता लाने के इरादे से बनाए गए हैं, लेकिन इन्हें लेकर देश में बड़ी बहस छिड़ गई है। अब सबकी नजर सरकार के अगले कदम और सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी है।

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+