Prateek Yadav Last Post: आसमान चीरने की हसरत लेकिन थम गई सांस! प्रतीक यादव के आखिरी वीडियो में छिपे अनकहे सवाल
Prateek Yadav Death: समाजवादी पार्टी के कुनबे से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सपा संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह मात्र 38 वर्ष के थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव को बुधवार सुबह करीब 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत्यु) घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और कुछ हफ्ते पहले उन्हें मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था।

वर्तमान में उनका पोस्टमार्टम KGMU (किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी) के डॉक्टरों के पैनल द्वारा किया जा रहा है, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मुलायम सिंह की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे प्रतीक
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। भले ही उनका परिवार देश के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक घरानों में से एक है, लेकिन प्रतीक ने हमेशा सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में भाजपा से जुड़ी हुई हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
बिजनेस और फिटनेस में बनाई अपनी पहचान
राजनीति के बजाय प्रतीक यादव ने बिजनेस और फिटनेस की दुनिया में अपना नाम बनाया।
- फिटनेस: वह लखनऊ में 'द फिटनेस प्लानेट' नाम से एक प्रसिद्ध जिम संचालित करते थे।
- बिजनेस: रियल एस्टेट कारोबार के साथ-साथ वह 'जीव आश्रय' नामक संस्था के जरिए पशु कल्याण (खासकर लावारिस कुत्तों की सेवा) के कार्यों में भी सक्रिय थे।
- शिक्षा: उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी (University of Leeds) से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी।
प्रतीक यादव की लास्ट सोशल मीडिया पोस्ट
प्रतीक सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थे। उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट करीब पांच हफ्ते पहले 3 अप्रैल का है, जिसमें वह EA 300 विमान उड़ाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'इंजन गरजा, आसमान खुल गया और मैंने कमान संभाल ली।' उन्होंने इस अनुभव को अपनी पसंदीदा फिल्म 'टॉप गन' जैसा रोमांचक बताया था।
अपर्णा यादव संग कैसा रहा रिश्ता?
प्रतीक और अपर्णा की मुलाकात साल 2001 में हुई थी और 2011 में सैफई में उनकी भव्य शादी हुई, जिसमें अमिताभ बच्चन जैसी हस्तियां शामिल हुई थीं। पिछले कुछ समय से उनके रिश्तों में अनबन की खबरें आ रही थीं, लेकिन उन्होंने परिवार के साथ आइसलैंड की यात्रा की तस्वीरें साझा कर इन अफवाहों पर विराम लगा दिया था।प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी ने आधिकारिक तौर पर दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।














Click it and Unblock the Notifications