Delhi Madrasa: मदरसा में छुट्टी कराने के लिए तीन बच्चों ने रची साथी की हत्या की साजिश! ऐसे हुआ खुलासा
Delhi Madrasa Crime: अभी एक दिन पहले ग्रेटर नोएडा में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का सनसनीखेज खुलासा सामने आया, जिसमें पुलिस ने बताया कि आरोपी ने फिल्म 'दृश्यम' देखकर मर्डर का पूरा प्लान तैयार किया। वही अब दिल्ली के मदरसा में क्राइम शो देखकर तीन बच्चों ने एक बच्चे की हत्या कर दी, ताकि मदरसे की छुट्टी हो जाए।
चौंकाने वाली घटना दिल्ली के दयालपुर में चल रहे एक मदरसे की है। यहां 3 नाबालिग छात्रों ने मिलकर एक छात्र की हत्या कर दी है। जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ तो हर कोई सन्न रह गया।

मदरसा में पढ़ने वाले 5 वर्षीय बच्चे की हत्या तीन नाबालिग लड़कों ने की, जिनमें से दो 11 वर्ष के थे और एक सिर्फ 9 साल का था। सभी नाबालिगों को हिरासत में लेकर पुलिस किशोर न्याय बोर्ड के कानून के तहत आगे बढ़ रही है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि उत्तर पूर्वी दिल्ली के एक ही मदरसे में पढ़ने वाले तीन छात्रों ने कथित तौर पर पांच वर्षीय लड़के की हत्या कर दी। 9 से 11 वर्ष की आयु के तीन छात्रों ने अपराध को अंजाम दिया क्योंकि वे मदरसे में छुट्टी घोषित करना चाहते थे। पुलिस ने बताया कि एक क्राइम शो देखने के बाद उन्होंने पूरी हत्या का प्लान बनाया।
मां ने पुलिस को दी सूचना
शुक्रवार रात करीब 10 बजे दिल्ली के दयालपुर इलाके में मदरसा तालीमुल कुरान के बाहर से एक महिला ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। उसने बताया कि मदरसे में पढ़ने वाला उसका पांच वर्षीय बेटा बीमार है और उसे संदेह है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है।
फोन आने के बाद पुलिस उस स्थान पर पहुंची, जहां मां अपने बच्चे के साथ बैठी थी, जिसके गर्दन, पीठ और कमर पर छाले थे। पुलिस ने तुरंत बच्चे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मां के बयान के आधार पर पुलिस ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से खुलासा
शनिवार को जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि बच्चे की मौत की वजह कोई बीमारी नहीं, बल्कि शारीरिक हमले के कारण आई कई गंभीर आंतरिक चोटें हैं। रिपोर्ट के आधार पर दिल्ली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मदरसे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बच्चे के दोस्तों और अन्य छात्रों से बात की। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन लड़कों की पहचान की - जिनमें से दो 11 साल के और एक 9 साल का था - जिन्होंने अपराध किया था।
आखिर क्यों खास बच्चे को बनाया निशाना?
पुलिस के मुताबिक, तीनों छात्र छुट्टी मनाकर घर जाना चाहते थे। जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने उस खास लड़के को क्यों निशाना बनाया, तो उन्होंने बताया कि वह उन्हें गाली देता था। आगे की जांच में पता चला कि तीनों को हत्या के बहाने छुट्टी मनाने का विचार टीवी पर देखे गए एक क्राइम शो से मिला था। फिलहाल मदरसे को बंद कर दिया गया है और सभी बच्चों को घर भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications