Ghazipur Landfill Site Fire:तीसरे दिन भी नहीं बुझी 'कूड़े के पहाड़' की आग, धुएं से सांस लेने में हो रही दिक्कत
Ghazipur Landfill Site Fire:तीसरे दिन भी नहीं बुझी 'कूड़े के पहाड़' की आग, धुएं से सांस लेने में हो रही दिक्कत
दिल्ली, 30 मार्च: गाजीपुर स्थित कूड़े के पहाड़ (लैंडफिल साइट) पर सोमवार 28 मार्च को अचानक से लगी आग पर तीसरे दिन भी काबू नहीं पाया जा सका है। फायर ब्रिगेड और नगर निगम का दस्ता आग पर काबू पाने कोशिशों में जुटा हुआ है। बुधवार को भी गाजीपुर डंपिंग यार्ड से आग और धुएं का गुबार उठता हुआ देखा गया है। तो वहीं, धुआ और बदबू फैलने के कारण लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत महसूस हुई। हालांकि, इस मामले में गाजीपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। लेकिन अभी तक किसी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
Recommended Video

28 मार्च को लगी थी डंपिंग यार्ड में आग
आपको बता दें कि 28 मार्च दिन सोमवार को गाजीपुर स्थित डंपिंग यार्ड (लैंडफिल साइट) में दोपहर 2:30 बजे अचानक आग लग गई थी। आग लगने की जानकारी स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड विभाग को दी थी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की करीब छह गाड़िया घटनास्थल पर पहुंच गई और आग बुझाने के कार्य में जुट गई थी। इस दौरान नेशनल हाईवे-9 के आसपास से गुजर रहे लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कतों का सामने करना पड़ा।
तीसरे दिन भी देखा गया धुए का गुब्बार
कूड़े के पहाड़ (लैंडफिल साइट) पर बुधवार को भी आग और धुएं का गुब्बार उठता हुआ दिखाई दे रहा है। न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने आग और धुए के गुब्बार का एक वीडियो भी जारी किया है। जिसके मुताबिक, तीसरे दिन भी आग और धुएं पर काबू नहीं पाया जा सका है। आपको बता दें कि लैंडफिल साइट की दूसरी ओर मुल्ला कालोनी, राजवीर कालोनी, घड़ोली विस्तार व कोड़ली कालोनी बसी हुई है। इन कालोनियों में काफी संख्या में लोग रहते हैं, जो सोमवार से कूड़े में ढेर में लगी आग से प्रभावित हैं। तो वहीं, सांस और हृदय रोग से पीड़ित कई लोग अपने रिश्तेदारों के घर चले गए, ताकि धुएं के कारण किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
दिल्ली सरकार ने दिए जांच के आदेश
गाजीपुर डंपिंग यार्ड में लगी आग को लेकर दिल्ली सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। मीडिया से बात करते हुए गोपाल राय ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि बार-बार चेतावनी देने के बाद भी एमसीडी सुधरने को तैयार नहीं है, वहां पहले भी आग लगती रही है। आपदा प्रबंधन की टीम वहां पहुंच चुकी है, आग पर नियंत्रण किया जा रहा है। ये घटनाएं बार-बार न हों इसके लिए डीपीसीसी को जांच के आदेश दिए गए हैं। राय ने आगे कहा कि रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही के लिए जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर हम सख्त कार्रवाई करेंगे।
अज्ञात में दर्ज हुआ केस
गाजीपुर थाना पुलिस ने डंपिंग यार्ड में आग लगने के मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 278, 285 और 336 में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, डंपिंग यार्ड के पास कार मैकेनिक का काम करने वाले एक व्यक्ति ने बताया, "कल हालात बहुत खराब थे, सांस लेना भी मुश्किल हो रहा था। हालात अब थोड़े ठीक हैं लेकिन घुटन अभी भी है।"
एमसीडी पर लगाया 50 लाख का जुर्माना
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि लगभग 400 वर्ग मीटर तक आग लगी और फैल गई। 48 घंटे हो गए लेकिन आग बुझने के बाद भी गैस और धुआं निकल रहा है। सीपीसीबी (CPCB) ने निर्देश दिया था कि उस लैंडफिल साइट के चारों तरफ बाउंड्री की जाए, लेकिन अब तक बाउंड्री का काम पूरा नहीं हुआ। रिपोर्ट के आधार पर जो उल्लंघन देखा गया उसे देखते हुए डीपीसीसी को निर्देश दिया गया है कि एमसीडी पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाए और उस दौरान जो कर्मचारी और अधिकारी ड्यूटी पर थे उनकी लापरवाही को देखते हुए उन पर कार्रवाई की जाए। कहा कि दिल्ली में और जगह इस तरह आग लगने की घटनाएं न हों इसके लिए हमने पर्यावरण विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। 4 अप्रैल को सचिवालय में पर्यावरण विभाग, राजस्व, PWD, DDA, MCD, NDMC, दमकल विभाग, दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड की संयुक्त बैठक बुला रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications