दिल्ली में छठें सीरो सर्वेक्षण की हुई शुरुआत, अगले एक हफ्ते में 280 वॉर्ड में से इकट्ठा होंगे 28 हजार सैंपल
नई दिल्ली, सितंबर 25। दिल्ली सरकार ने गुरुवार को छठवें सीरो सर्वे को मंजूरी प्रदान की थी और शुक्रवार से इसकी शुरुआत दिल्ली में हो गई। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के मुताबिक, दिल्ली के 280 वॉर्ड में से कुल 28000 सैंपल इकट्ठा किए जाएंगे। इस हिसाब से हर वॉर्ड में 100 सैंपल कलेक्ट होंगे। सत्येंद्र जैन ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में करीब 1 हफ्ते का समय लगेगा।

सर्वे में एंटीबॉडी का स्तर पता लगाने की होगी कोशिश
ANI की खबर के मुताबिक, दिल्ली में होने वाले छठवें सीरो सर्वेक्षण में तीन गैर सरकारी संगठन- एटीई चंद्र फाउंडेशन, यूनाइटेड वे बेंगलुरु और आईडीएफसी फाउंडेशन के सहयोग से ये सर्वेक्षण किया जाएगा। आपको बता दें कि इस सीरो सर्वे में जिन लोगों की बॉडी से सैंपल लिए जाएंगे, उनमें कोविड-19 के खिलाफ एंटीबॉडी की मौजूदगी की जांच होगी। यदि एंटीबॉडी के लिए रिपोर्ट सकारात्मक आती है, तो यह साबित होता है कि वे मरीज संक्रमित था, लेकिन वायरल संक्रमण से ठीक हो गया है।
पांचवे सीरो सर्वे में मिले थे अच्छे नतीजे
ICMR के मुताबिक, सीरो-सर्वेक्षण, स्पर्शोन्मुख व्यक्तियों सहित SARS-CoV-2 संक्रमण के संपर्क में आने वाली आबादी के अनुपात को समझने में मदद करते हैं। संक्रमण के सीरो-प्रचलन के स्तर के आधार पर बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए उपयुक्त सार्वजनिक स्वास्थ्य हस्तक्षेपों की योजना बनाई जा सकती है और उन्हें लागू किया जा सकता है। आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली में पांचवां सीरो-सर्वेक्षण जनवरी 2021 में किया गया था, जिसके नतीजों में ये सामने आया था कि दिल्ली की 56.13 प्रतिशत आबादी ने कोविड -19 एंटीबॉडी विकसित कर ली है।
दिल्ली में कोरोना की स्थिति
वहीं इन सबके बीच में दिल्ली में कोरोना की स्थिति की बात करें तो हालात अब काफी काबू में हैं। दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना के नए मामले 24 मिले थे। वहीं गुरुवार को ये आंकड़ा 48 था। दिल्ली में अब पॉजिटिविटि रेट 0.03 प्रतिशत है।












Click it and Unblock the Notifications