AAP विधायक अब्दुल रहमान ने छोड़ी पार्टी, अरविंद केजरीवाल पर लगाए आरोप, सोशल मीडिया पर शेयर किया इस्तीफा
AAP MLA Abdul Rehman Resigns: दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बड़ा झटका लगा है। मंगलवार को सीलमपुर के विधायक अब्दुल रहमान ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। अपने इस्तीफे के पत्र में रहमान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर राजनीतिक लाभ के लिए सार्वजनिक मुद्दों से मुंह मोड़ने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, "आज मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं। पार्टी अब सत्ता की राजनीति में उलझ गई है और मुसलमानों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। अरविंद केजरीवाल लगातार राजनीतिक फायदे के लिए सार्वजनिक मुद्दों से बचते रहे हैं। मैं न्याय और अधिकारों के लिए अपनी लड़ाई जारी रखूंगा।"

सीलमपुर से टिकट नहीं मिलने पर दिया इस्तीफा
रहमान का इस्तीफा उस समय आया, जब उन्हें आगामी चुनावों के लिए सीलमपुर से पार्टी टिकट नहीं मिला। AAP ने एक दिन पहले अपनी उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी, जिसमें रहमान की जगह जुबैर अहमद को सीलमपुर का उम्मीदवार घोषित किया गया था। महज 24 घंटे के भीतर रहमान ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने अल्पसंख्यक अधिकारों की अनदेखी की और इसकी वजह से उन्होंने इस्तीफा दिया।
कई महीनों से जारी थी नाराजगी
रहमान की नाराजगी पार्टी के प्रति पिछले एक महीने से जारी थी, जब जुबैर अहमद की AAP में एंट्री हुई थी। इसके बाद से इस बात की अटकलें लगाई जा रही थीं कि रहमान कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। 29 अक्टूबर को उन्होंने AAP के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा भी दे दिया था, जिसका कारण उन्होंने विचारधाराओं में अंतर बताया था।
सोशल मीडिया पर साझा किया इस्तीफा पत्र
आम आदमी पार्टी के विधायक अब्दुल रहमान ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, "आज मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं। पार्टी ने सत्ता की राजनीति में उलझकर मुसलमानों के अधिकारों को नजरअंदाज किया, अरविंद केजरीवाल ने हमेशा जनता के मुद्दों से भागकर अपनी राजनीति की। इंसाफ और हक की लड़ाई लड़ता रहूंगा।" इसके साथ ही रहमान ने अपनी इस्तीफा पत्र भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने पार्टी द्वारा मुसलमानों के प्रति उपेक्षा का आरोप लगाया।
इस्तीफे में क्या लिखा?
रहमान ने इस्तीफे में लिखा, "मैं अब्दुल रहमान, विधायक, सीलमपुर विधानसभा, आज भारी मन से आम आदमी पार्टी की सदस्यता और पार्टी से इस्तीफा देने का निर्णय ले रहा हूं। यह निर्णय मेरे लिए आसान नहीं था, लेकिन पार्टी के नेतृत्व और नीतियों में जिस तरह से मुसलमानों और अन्य वंचित समुदायों की उपेक्षा की गई है, उसके बाद यह मेरा नैतिक कर्तव्य बन गया है।"
उन्होंने आगे लिखा, "पार्टी की स्थापना के समय मैंने इसे एक ऐसी पार्टी माना था जो धर्म, जाति और समुदाय से ऊपर उठकर जनता की सेवा करेगी, लेकिन बीते वर्षों में आम आदमी पार्टी ने बार-बार यह साबित किया है कि वह केवल वोट बैंक की राजनीति कर रही है और जब किसी समुदाय के अधिकारों की रक्षा की बात आती है तो पार्टी चुप्पी साध लेती है।"
फरवरी माह में होंगे दिल्ली विधानसभा चुनाव
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 2025 के फरवरी माह में आयोजित किए जाएंगे। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार बनाई थी और अरविंद केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री बने थे। दिल्ली विधानसभा का सातवां कार्यकाल 15 फरवरी 2025 को समाप्त हो जाएगा।
यह भी पढ़ें 'जवाब देने से भाग रही है,सरकार संसद की हत्या कर रही है', TMC सांसद सागरिका घोष का केंद्र पर हमला












Click it and Unblock the Notifications