सत्य निकेतन हादसे में मकान मालिक हरिराम गुप्ता अरेस्ट, कहां छुपा था? अब तक 7 की मौत
Satya Niketan building Collapse: सत्य निकेतन PG हादसे के बाद से फरार चल रहे बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता को आखिरकार दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से पकड़ा है। 5 मंजिला PG इमारत गिरने के बाद हरिराम लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था और उसकी तलाश में 10 टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस दिल्ली और हरियाणा समेत कई जगहों पर दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वहीं, हादसे में MCD के पांच वरिष्ठ अधिकारियों पर भी गाज गिरी है।

भिवाड़ी में छिपा था हरिराम, पुलिस ने दबोचा
सत्य निकेतन हादसे के बाद बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता लगातार फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने उसकी तलाश में 10 अलग-अलग टीमें बनाई थीं। इन टीमों में लोकल पुलिस, स्पेशल स्टाफ और ऑपरेशन यूनिट के जवान शामिल थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान हरिराम के राजस्थान के भिवाड़ी में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। अब उसे हिरासत में लेकर हादसे को लेकर पूछताछ की जा रही है।
10 पुलिस टीमों ने शुरू की थी तलाश
हरिराम गुप्ता को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। जिले के एडिशनल DCP रैंक के अधिकारियों की निगरानी में 10 टीमें बनाई गई थीं। पुलिस की टीमें दिल्ली और हरियाणा में लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। पुलिस आरोपी के संपर्कों और उसके छिपने की जगहों की भी जानकारी जुटा रही थी। आखिरकार उसकी लोकेशन राजस्थान के भिवाड़ी में मिली और पुलिस ने उसे वहां से पकड़ लिया।
ये भी पढे़ं: 20 साल, 102 लोगों की गई जान, सत्य निकेतन से पहले दिल्ली में कब-कब ताश के पत्तों की तरह ढही इमारतें
5 मंजिला PG गिरने से 7 लोगों की मौत
सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1 बजे 30 साल पुरानी 5 मंजिला PG इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे में 6 छात्रों समेत 7 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक मजदूर भी शामिल था। राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए।
MCD के पांच अधिकारियों पर भी गिरी गाज
हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने भी बड़ी कार्रवाई की है। MCD ने दक्षिण जोन के डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार समेत पांच अधिकारियों और इंजीनियरों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इनमें सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर रणवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार शामिल हैं। इन अधिकारियों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी लंबित रखी गई है।
ये भी पढे़ं: धूल का गुबार, भागते लोग और चीख-पुकार! सत्य निकेतन हादसे का दिल दहला देने वाला CCTV वीडियो आया सामने
DMC Regulations के तहत हुआ निलंबन
MCD के विजिलेंस विभाग की ओर से जारी आदेशों के मुताबिक, सभी अधिकारियों को DMC Services (Control & Appeal) Regulations, 1959 के Regulation 5(2) के तहत सस्पेंड किया गया है। निलंबन की अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता मिलेगा। हालांकि आदेश में किसी खास लापरवाही या अनियमितता का विस्तार से जिक्र नहीं है। फिर भी माना जा रहा है कि PG इमारत की स्थिति और निर्माण से जुड़े नियमों की निगरानी में चूक को लेकर अधिकारियों की भूमिका जांच के दायरे में है।


Click it and Unblock the Notifications
