Sajjan Kumar: 1984 सिख विरोधी दंगा केस में पूर्व सांसद सज्जन कुमार दोषी करार,कांग्रेस को क्यों लगेंगे 5 झटके?
Sajjan Kumar Conviction: दिल्ली विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार निल बटे सन्नाटा हासिल करने के बाद कांग्रेस की राजनीति को एक और तगड़ा झटका लगा है,जिससे उसकी छवि पर और भी बड़ा बट्टा लग सकता है। पार्टी के पूर्व सांसद और इसकी फर्स्ट फैमिली के चहेते रहे सज्जन कुमार 1984 के सिख विरोधी दंगों के एक और मामले में दोषी करार दे दिए गए हैं।
31 अक्टूबर, 1984 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली में भड़की सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक केस में दिल्ली की एक अदालत के द्वारा कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार को दोषी ठहराया जाना राजनीतिक और कानूनी दोनों तरह से पार्टी के लिए भी अहम है। इन 5 प्रमुख बिंदुओं से समझने की कोशिश करते हैं कि कांग्रेस के लिए यह कितना बड़ा झटका साबित हो सकता है?

Sajjan Kumar verdict: एक) कांग्रेस की छवि को गहरा धक्का
सज्जन कुमार का नाम लंबे समय से 1984 दंगों से जुड़ता आ रहा है,और अब कोर्ट के फैसले से यह साबित हो गया कि वे इन दंगों में सक्रिय रूप से शामिल थे। इससे कांग्रेस की छवि पर नकारात्मक असर पड़ सकता,खासकर सिख समुदाय के बीच,जो इस मुद्दे को लेकर पहले से ही कांग्रेस पार्टी से नाराज रहा है।
कांग्रेस पर शुरू से यह आरोप रहे हैं कि उसके नेता इन दंगों में शामिल थे और पार्टी की सरकारों ने उन्हें बचाने की भरपूर कोशिशों कीं, जिससे इसके गुनहगार अब तक बचते चले गए।
Sajjan Kumar Congress: दो) विरोधियों को मिलेगा कांग्रेस को सिख-विरोधी दिखाने का मौका
बीजेपी,आम आदमी पार्टी (AAP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD)जैसी पार्टियां इस फैसले को कांग्रेस के खिलाफ हथियार के रूप में इस्तेमाल कर सकती हैं। वे इसे 'न्याय की जीत' बताते हुए कांग्रेस पर हमले तेज करेंगी, जिससे पार्टी की स्थिति विशेष रूप से दिल्ली और पंजाब में और भी ज्यादा कमजोर हो सकती है।
दिल्ली में 'आप'की हार के बाद कांग्रेस ने पंजाब से काफी उम्मीदें लगा रखी हैं, लेकिन इससे वहां भी उसे शिरोमणि अकाली दल (SAD) और बीजेपी के हमलों का सामना करना पड़ सकता है।
Sajjan Kumar 1984: तीन) सिख समुदाय की नाराजगी बढ़ने की आशंका
पंजाब, दिल्ली और अन्य सिख बहुल क्षेत्रों में कांग्रेस को पहले से ही 1984 के सिख विरोधी दंगों के चलते विरोध का सामना करना पड़ता है। अब सज्जन कुमार को दूसरे मामले में भी सजा मिलनी तय है, ऐसे में यह नाराजगी और बढ़ सकती है। इससे आगामी चुनावों में पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
Sajjan Kumar News: चार) पुराने मामलों का जिन्न आ सकता है बाहर, राहुल गांधी के लिए बढ़ सकती है चुनौती
यह मामला कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के लिए और भी परेशानी खड़ी कर सकता है, क्योंकि 1984 के दंगों को लेकर पार्टी के कई और नेता भी आरोपों से घिरे रहे हैं। विरोधी दल इस मुद्दे को उठाकर राहुल गांधी और पूरी पार्टी को कटघरे में खड़ा कर सकते हैं।
Sajjan Kumar 1984: पांच) कानूनी चुनौतियां और अन्य मामलों की जांच पर असर
सज्जन कुमार को दोषी ठहराए जाने के बाद 1984 दंगों से जुड़े अन्य मामलों की जांच और तेज हो सकती है। इससे उन कांग्रेस नेताओं पर भी दबाव बढ़ सकता है, जिन पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। अगर और नेताओं पर कानूनी शिकंजा कसा गया,तो कांग्रेस के लिए मुश्किलें और बढ़नी तय हैं।
सज्जन कुमार किस मामले में ठहराए गए दोषी?
बुधवार (12 फरवरी,2025) को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने राजधानी के सरस्वती विहार इलाके में दो लोगों की 1984 के दंगों में हुई हत्या के केस में कांग्रेस के पूर्व सांसद को दोषी ठहराया है। 1 नवंबर, 1984 यानी इंदिरा गांधी की हत्या के अगले दिन जसवंत सिंह और उनके बेटे तरुणदीप सिंह को दंगाइयों ने बेरहमी से मार डाला था।
राउज एवेन्यू कोर्ट ने कुमार को उस भीड़ का नेतृत्व करने का दोषी ठहराया है,जिसने दो सिख पिता-पुत्र को जिंदा जला दिया,उनकी संपत्ति लूट ली और नष्ट कर दी,उनके घरों को आग लगा दी गई और उनके परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों को गंभीर चोटें पहुंचाईं।
सज्जन कुमार अभी सिख दंगों से जुड़े एक और केस में उम्र कैद की सजा काट रहे हैं, जो दिल्ली कैंट में हुए दंगों से जुड़ा है।












Click it and Unblock the Notifications