'मैं भी इंसान हूं, भगवान नहीं, गलतियां मुझसे भी होती हैं', अब PM मोदी ने क्यों कहा ऐसा? वायरल हुआ Video
PM Narendra Modi Podcast: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही आपको एक पॉडकास्ट वीडियो में दिखने वाले हैं। जी हां, जेरोधा के को-फाउंडर और पॉपुलर पॉडकास्ट 'पीपल बाय WTF' के होस्ट निखिल कामथ ने पीएम मोदी का एक पॉडकास्ट इंटरव्यू वीडियो लिया है।
निखिल कामथ ने खुलासा किया है कि पॉडकास्ट "WTF is with Nikhil Kamath" पर उनके अगले गेस्ट पीएम नरेंद्र मोदी हैं। पीएम मोदी के पहले पॉडकास्ट वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर काफी उत्साह है। निखिल कामथ ने पीएम मोदी के साथ इस पॉडकास्ट वीडियो के दो मिनट का ट्रेलर रिलीज किया है। जिसमें पीएम मोदी को अपनी गलतियों के बारे में भी खुलकर बात करते हुए देखा गया है।

'मैं भी इंसान हूं, भगवान नहीं, गलतियां मुझसे भी होती हैं: PM मोदी
पीएम मोदी इस पॉडकास्ट वीडियो के ट्रेलर में कहते हैं, ''मैं भी एक इंसान हूं, भगवान नहीं, गलतियां मुझसे भी होती हैं।'' पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान की गई अपी गलतियों पर भी प्रकाश डाला। पीएम मोदी ने कहा, ''मैंने सभी तरह की गलतियां कीं हैं और मैंने हर इंसान की तरह अपनी गलतियों से सीखा है।''
पीएम मोदी और निखिल कामथ के बीच खुलकर बातचीत होती दिखाई गई। यह एपिसोड पीएम मोदी की पॉडकास्ट फॉर्मेट में पहली बार आने वाली है। ट्रेलर में कामथ ने पीएम मोदी का इंटरव्यू लेने को लेकर अपने घबराहट का भी जिक्र किया है। जिसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि, ''यह मेरा पहला पॉडकास्ट है, मुझे नहीं पता कि यह आपके दर्शकों को कैसा लगेगा। पता नहीं ये आपको दर्शकों को पसंद आएगा या नहीं।''
PM मोदी बोले- उम्मीद है, आप सभी को ये पसंद आएगा
पीएम मोदी और निखिल कामथदोनों ने राजनीति और उद्यमिता के बीच समानताओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने भी इस पॉडकास्ट वीडियो को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है।
पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, "मुझे उम्मीद है कि आप सभी इसे उतना ही पसंद करेंगे जितना हमें आपके लिए इसे बनाने में मजा आया।''
चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने राजनीति में शामिल होने के इच्छुक युवाओं को भी सलाह दी। पीएम मोदी ने कहा कि राजनीति में आने के लिए केवल महत्वाकांक्षा के बजाय एक मिशन के साथ इस फील्ड में आइए।
पीएम मोदी ने अपने निजी सफर पर विचार किया और मुख्यमंत्री के तौर पर दिए गए अपने भाषण को याद किया, जिसमें उन्होंने एक असंवेदनशील टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा, "गलतियां होती हैं। मैं इंसान हूं, भगवान नहीं।''
ट्रेलर ठीक उसी समय खत्म होता है, जब पीएम मोदी ने कामथ के सवाल का जवाब देना शुरू किया कि उनके पहले और दूसरे कार्यकाल के बीच क्या अंतर था और पिछले कुछ सालों में उनका दृष्टिकोण कैसे विकसित हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications