दिल्ली की जनता को पीएम ने दी बड़ी सौगात, प्रगति मैदान टनल और 5 अंडरपास का उद्घाटन
नई दिल्ली, 19 जून: राजधानी के लोगों को अब कई इलाकों में जाम से मुक्ति मिल जाएगी। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नई दिल्ली में प्रगति मैदान इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कॉरिडोर परियोजना की मेन टनल और 5 अंडरपास का उद्घाटन किया। इस टनल की लंबाई 1.6 किलोमीटर है, जिससे आप इंडिया गेट, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की यात्रा करते वक्त आईटीओ, मथुरा रोड, भैरों मार्ग के ट्रैफिक से बच सकेंगे।

Recommended Video
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक प्रगति मैदान इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कॉरिडोर परियोजना पर 920 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत आई है। इस पूरे प्रोजेक्ट का फंड केंद्र सरकार ने दिया था। उद्घाटन समारोह के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि प्रगति मैदान इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कॉरिडोर यात्रियों के समय और लागत को बड़े पैमाने पर बचाने में मदद करके जीवन को आसान बनाएगा। आज दिल्ली को केंद्र सरकार की तरफ से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का उपहार मिला है। इतने कम समय में इस कॉरोडोर को तैयार करना आसान नहीं था। जिन सड़कों के आसपास ये कॉरिडोर बना है, वे सड़कें दिल्ली की सबसे व्यस्त सड़कें हैं। इस सभी मुश्किलों के बीच कोरोना आ गया, लेकिन ये नया भारत है। समस्याओं का समाधान भी करता है, नए संकल्प भी लेता है और उन संकल्पों को सिद्ध करने के लिए प्रयास भी करता है।
टनल के अंदर पड़े कूड़े को उठाया
नई टनल के अंदर कुछ रैपर और एक प्लास्टिक की बोतल पड़ी थी, जिस पर पीएम मोदी की नजर पड़ी। उन्होंने तुरंत उसे उठाकर कूड़ेदान में डाला, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
वहीं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों ने बताया कि इस टनल के चालू हो जाने के बाद अब नोएडा, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहन चालक बिना ट्रैफिक सिग्नल और जाम के आराम से यात्रा कर सकते हैं। टनल पुराना किला रोड पर भारत के राष्ट्रीय खेल परिसर (NSCI) के पास से शुरू होती है और पुनर्विकसित प्रगति मैदान के नीचे से गुजरती है। इसके बाद ये प्रगति पावर स्टेशन के पास रिंग रोड पर खत्म होती है।












Click it and Unblock the Notifications