'बीजेपी के गुंडे कितने भी षड्यंत्र रच लें', फायर हुए अरविंद केजरीवाल
Arvind Kejriwal News: दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पार्टियां एक्टिव हो गई हैं। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी फिर से दिल्ली की कुर्सी पर काबिज होने के लिए जोरशोर से तैयारी कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पदयात्रा कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को कालकाजी इलाके में केजरीवाल ने पदयात्रा की और लोगों को संबोधित किया।
पदयात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से अरविंद केजरीवाल का स्वागत किया। बुजुर्गों ने उन्हें आशीर्वाद दिया और अपनी समस्याएं साझा की। वहीं, नौजवानों और महिलाओं के बीच केजरीवाल की एक झलक पाने की बेताबी दिखी, किसी ने सेल्फी खिंचवाई तो किसी ने Autograph लिया।

इस दौरान केजरीवाल ने लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में व्यापारियों को फिरौती के लिए फ़ोन आ रहे हैं। व्यापारी दहशत में जी रहे हैं, वो दिल्ली छोड़कर दूसरे राज्यों में जा रहे हैं। गैंगस्टर बच्चों को शूटर की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली की क़ानून व्यवस्था केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अंतर्गत आती है, वह दिल्ली के लोगों को सुरक्षा प्रदान करें।
उन्होंने कहा, दिल्ली की जनता ने Amit Shah जी को कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी थी लेकिन इन्होंने पूरी दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। गोविंदपुरी में इतना नशा बिकता है, इनकी मिलीभगत से नशा बिकता है। इन्होंने (BJP) हमारे बच्चों को नौकरी नहीं दी लेकिन बच्चों को नशा बेचने में लगा दिया।
आगे केजरीवाल ने कहा, बीजेपी और उनके गुंडे कितने भी षड्यंत्र रच लें, मुझे अपने दिल्लीवालों के बीच जाने से नहीं रोक सकते। जनता का उत्साह बता रहा है, दिल्ली वाले आम आदमी पार्टी को चौथी बार सत्ता में लाने के लिए तैयार हैं।
बता दें कि पदयात्रा के दौरान आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी भी मौजूद थीं। सीएम आतिशी ने भी लोगों को संबोधित किया और फिर से आप को वोट देने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications