ऑड-ईवन फार्मूले पर केजरीवाल सरकार को झटका, NGT ने खारिज की याचिका
नई दिल्ली। एनजीटी ने शुक्रवार को ऑड-इवेन मुद्दे पर दिल्ली सरकार द्वारा पुनर्विचार के लिए दाखिल की गई याचिका को खारिज कर दिया। दिल्ली सरकार ने याचिका में ऑड-इवेन फार्मूले से दोपहिया वाहनों को छूट देने की बात कही थी। एनजीटी ने केजरीवाल सरकार की इस याचिका को खारिज करते हुए कहा कि इस तरह की किसी भी छूट को देना दिल्ली की वायु समस्या से खिलवाड़ करना होगा।

एनजीटी चेयरमैन, जस्टिस स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि दिल्ली में इस समय 60 लाख से ज्यादा दोपहिया वाहन है। इसमें वो दोपहिया वाहन भी शामिल हैं जो काफी पुराने हैं और उनसे निकलने वाले धुंए तय सीमा से ज्यादा हैं। उन्होंने आगे कहा, 'इस बात में कोई दो राय नहीं है कि दिल्ली में बढ़े प्रदूषण के लिए दोपहिया वाहन भी प्रमुखता से जिम्मेदार है। ऐसे में अगर इन्हें छूट दी जाती है तो यह ऑड-ईवन फैसले की मूलभावना के खिलाफ होगा।'
एनजीटी ने इसके साथ ही दिल्ली ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन को दिल्ली की सड़कों पर और अधिक बसों को उतारने और सार्वजनिक यातायात को बढ़ावा देने को कहा है। एनजीटी के इस फैसले के बाद अब दिल्ली में जब भी ऑड-ईवन लागू होगा तो उसमें दोपहिया वाहनों और महिलाओं को किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications