World Book Fair 2025: आज से शुरू हो रहा है 'विश्व पुस्तक मेला', जानें क्या कुछ रहेगा खास
World Book Fair 2025: राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (एनबीटी) की ओर से नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला 2025 का आयोजन हो रहा है। यह मेला 1 फरवरी से 9 फरवरी 2025 तक भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। एनबीटी, भारत के निदेशक युवराज मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस भव्य साहित्यिक आयोजन का उद्घाटन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 फरवरी, 2025 को सुबह 11:30 बजे भारत मंडपम में करेंगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनबीटी, भारत के अध्यक्ष प्रोफेसर मिलिंद मराठे, प्रमुख रूसी लेखक और साहित्यकार डॉ. एलेक्सी वर्लामोव, तीसरे सचिव (संस्कृति, शिक्षा, खेल) मिखाइल एंट्सिफेरोव और एनबीटी, भारत के निदेशक युवराज मलिक सहित कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

थीम और फोकस देश:
इस वर्ष मेले की थीम "रिपब्लिक@75" है, जो भारत की गणतंत्र यात्रा के 75 वर्षों का जश्न मनाती है। रूस इस मेले का फोकस देश होगा, और रूसी साहित्य और संस्कृति की एक विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें 1500 से अधिक रूसी पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। रूसी लेखकों और कलाकारों की भी भागीदारी होगी।
वैश्विक भागीदारी:
इस मेले में फ्रांस, कतर, स्पेन, यूएई, सऊदी अरब, कोलंबिया और रूस सहित 50 से अधिक देशों के अंतर्राष्ट्रीय लेखक, वक्ता और प्रकाशक भाग लेंगे। यह वैश्विक साहित्यिक समुदाय को एक साथ लाने और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का एक अनूठा अवसर होगा।
विश्व पुस्तक मेला 2025 में क्या है खास
- थीम मंडप: यह मंडप भारत के गणतंत्रात्मक आदर्शों को प्रदर्शित करेगा।
- अंतर्राष्ट्रीय फोकस मंडप: रूस की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत की खोज का अवसर मिलेगा।
- लेखक कोना और लेखक मंच: जाने-माने लेखकों के साथ बातचीत का मौका मिलेगा।
- बच्चों का मंडप: बच्चों के लिए कहानी, कला और शिल्प सत्र आयोजित किए जाएंगे।
- 'सभी के लिए पुस्तकें' पहल: ब्रेल पुस्तकों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
- बी2बी अवसर: प्रकाशकों, लेखकों और हितधारकों के लिए वैश्विक स्तर पर जुड़ने का मंच मिलेगा।
- सांस्कृतिक संध्याएँ: भारत की विविधता और विरासत को दर्शाते सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
- लेखक लाउंज: लेखकों के लिए एक विशेष स्थान होगा।
- इलस्ट्रेटर कॉर्नर: चित्रकारों के कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण जानकारी:
- आयोजन की तिथियाँ: 1 से 9 फरवरी, 2025
- समय: सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक
- प्रवेश: स्कूल यूनिफॉर्म में छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क प्रवेश
- स्थान: हॉल 2-6, भारत मंडपम (प्रगति मैदान), नई दिल्ली
- प्रवेश द्वार: गेट 10 (मेट्रो स्टेशन के पास), गेट 4 (भैरों रोड) और गेट 3
- निकटतम मेट्रो स्टेशन: सुप्रीम कोर्ट
- शटल सेवा: गेट 10 से उपलब्ध
यह मेला साहित्य, कला और संस्कृति के प्रेमियों के लिए एक अद्भुत अवसर होगा। यह न केवल पुस्तकों और विचारों का उत्सव होगा, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक साहित्यिक समुदाय के साथ जुड़ाव का भी एक मंच होगा।












Click it and Unblock the Notifications