मानसून को लेकर सीएम केजरीवाल और LG ने की बैठक, विभागों को बारिश से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश
नई दिल्ली, 15 जून: दक्षिण भारत में मानसून ने दस्तक दे दी है। अब वहां से वो उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा। बारिश के मौसम में जलभराव जैसी समस्याएं ना हों, इसके लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल (एलजी) विनय सक्सेना के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने खराब पड़े नलकूपों को चालू करने और गड्ढों को साफ करने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल ऑफिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा विभिन्न एजेंसियों के स्वामित्व वाले लगभग 800 स्थानों पर स्थित रिचार्ज पिट्स (पुनर्भरण गड्ढों) की पहचान की गई थी। जिस पर पीडब्ल्यूडी और दिल्ली नगर निगम की टीम काम करेगी। इसके अलावा नलकूपों को वाटर रिचार्जिंग और रिटेंशन पिट में बदलने के भी निर्देश दिए गए।
एलजी ऑफिस के मुताबिक करीब 700 जल निकायों को कम से कम 2 मीटर गहरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण (I&FC) विभाग कैचमेंट एरिया से अतिक्रमण हटवाएगा। वहीं अधिकारियों को नियमित दूरी पर बरसाती नालों में पानी के सिंकहोल खोदने की संभावना का पता लगाने को भी कहा गया है। जमीन के भूवैज्ञानिक और जल विज्ञान सर्वेक्षण पर आधारित एक दीर्घकालिक रणनीति विकसित की जाएगी, जिसमें आधुनिक तकनीक का उपयोग करके सिंकहोल का निर्माण किया जाएगा। जिसका इस्तेमाल अगले साल होगा।
इस बैठक में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार यादव और पीडब्ल्यूडी, नई दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), आई एंड एफसी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संबंधित विभागों ने आश्वासन दिया है कि बारिश से पहले जरूरी कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा।











Click it and Unblock the Notifications