राजीव चौक से केंद्रीय सचिवालय तक 21 नवंबर सुबह नहीं चलेगी मेट्रो, ये स्टेशन भी रहेगा बंद
नई दिल्ली, 19 नवंबर: 21 नवंबर (रविवार) को राजीव चौक स्टेशन से केंद्रीय सचिवालय तक दिल्ली मेट्रो ट्रेन की सेवाएं 21 नवंबर (रविवार) को सुबह के समय बंद रहेंगी। यहां मेट्रो सेवा सुबह 7:30 बजे तक निलंबित रहेंगी और इसके बाद ही शुरू होंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से ये जानकारी दी गई है। ट्रैक के मेंटिनेंस से जुड़े काम के चलते राजीव चौक से केंद्रीय सचिवालय खंड तक रविवार सुबह मेट्रो नहीं चलेगी।

इसके अलावा पटेल चौक मेट्रो स्टेशन भी रविवार सुबह बंद रहेगा। इस दौरान राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों के बीच मुफ्त फीडर बस सेवा के माध्यम से कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। यात्रियों को इस दौरान असुविधा ना हो इसके लिए दिल्ली मेट्रो ने बताया है कि वह केंद्रीय सचिवालय से राजीव चौक के बीच फीडर बसें चलाएगा। बाकी पूरी लाइन पर मेट्रो सेवाएं सामान्य रहेंगी।
डीएमआरसी ने कहा है कि समयपुर बादली से राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय से हुडा सिटी सेंटर तक लाइन के शेष हिस्से में ट्रेन सेवा हमेशा की तरह चलती रहेगी। बता दें कि राजीव चौक दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का सबसे व्यस्त स्टेशन है। हालांकि सुबह साढ़े सात के बाद ही मेट्रो में भीड़ बढ़ती है।












Click it and Unblock the Notifications