दिल्ली: प्रदूषण की वजह से कल भी बंद रहेंगे MCD के सभी स्कूल
दिल्ली के तीनों निगमों के अधीन चल रहे स्कूलों में करीब 10 लाख छात्र पढ़ते हैं।
नई दिल्ली। देश की राजधानी में जहरीली होती हवा की वजह से निजी स्कूलों के बाद अब दिल्ली नगर निगम ने भी स्कूलों को शनिवार को बंद रखने का फैसला लिया है। गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के निजी स्कूलों ने अभिभावकों को सूचना दी थी कि या तो वे क्लासेज सस्पेंड कर रहे हैं या फिर स्पोर्ट्स मीट कैंसिल कर रहे हैं।

दक्षिण दिल्ली नगर निगम के नेता विपक्ष सुभाष आर्या ने कहा, 'प्रदूषण की वजह से शनिवार को दिल्ली के तीनों निगमों के अंतर्गत आने वाले स्कूल बंद रहेंगे। फिलहाल एक दिन के लिए ही स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है, लेकिन अगर जरूरत महसूस हुई तो आगे भी इसे बढ़ाया जा सकता है।'
MCD के स्कूलों में 10 लाख छात्र
दिल्ली के तीनों निगमों के अधीन चल रहे स्कूलों में करीब 10 लाख छात्र पढ़ते हैं। आर्या ने बताया, 'तेजी से बढ़ रहे प्रदूषण को देखते हुए मीटिंग के बाद यह फैसला लिया गया है। सुबह के समय धुंध बहुत खराब है, इसलिए स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है।'
खराब मौसम बन रहा बाधा
शुक्रवार को गुड़गांव में भी कई निजी स्कूलों को खराब मौसम की वजह से बंद कर दिया गया। बीते तीन दिनों से दिल्ली के लोग हवा में घुली धूल, गंदगी, धुएं और केमिकल शरीर के अंदर ले रहे हैं। पार्टिकुलेट मैटर की बात करें तो यह 500 का आंकड़ा पार कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications