चक्का जाम पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने कहा- भाजपा का हमेशा से शराब माफियाओं के साथ लिंक रहा है
नई दिल्ली। सोमवार को राजधानी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार की नई आबकारी नीति के विरोध में भाजपा सड़क पर उतरी हुई है। दिल्ली में भाजपा के प्रदर्शन के चलते कई इलाकों में भारी जाम लग गया है। अक्षरधाम के पास एनएच 24 पर करीब पांच किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। वहीं भाजपा के इस प्रदर्शन पर दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का संबंध हमेशा से शराब माफिया से रहा है। भाजपा ने कई जगहों पर अवैध शराब बेची। सीएम केजरीवाल की योजनाओं से 3500 करोड़ रुपये की चोरी रुकी, इसलिए बीजेपी को दर्द हो रहा है।
Recommended Video

बता दें कि नई नीति के तहत दिल्ली सरकार खुदरा शराब के व्यापार से बाहर हो जाएगी। शराब की दुकानें अब कम से कम 500 वर्ग फुट क्षेत्र में खोली जाएंगी। दुकानें अब वातानुकूलित व सीसीटीवी से लैस होंगी। नई दुकान की वजह से सड़क पर भीड़ नहीं लगेगी। क्योंकि शराब की बिक्री दुकानों के भीतर ही की जाएंगी। नई आबकारी नीति के तहत 2,500 वर्ग फुट के क्षेत्रफल वाले पांच सुपर-प्रीमियम खुदरा विक्रेता भी दुकान खोलेंगे, जहां शराब पीने की भी सुविधा दी जाएगी।
दरअसल, नई आबकारी नीति लागू होने के बाद दिल्ली में करीब 850 निजी शराब बिक्री केंद्र संचालित होंगे, जहां से लोग शराब खरीद रहे थे। भाजपा शुरुआत से ही इस नीति का विरोध कर रही है।दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, ''हम लोग दिल्ली सरकार की नई आबकारी नीति के विरोध में हैं। क्योंकि, केजरीवाल सरकार ने ये ठीक नहीं किया।'
गुप्ता का कहना है कि, दिल्ली सरकार अपनी नई आबकारी नीति के तहत शहर भर में अवैध रूप से शराब की दुकानें खोल रही है। उनका कहना है कि सरकार का यह कदम गलत है कि राजधानी के रिहायशी और धार्मिक स्थलों के पास दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने कहा, ''हमारा विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक कि नई शराब नीति वापस नहीं ले ली जाती।'












Click it and Unblock the Notifications