किराएदार युवती के कमरे-बाथरूम में मिला स्पाई कैमरा, बल्ब होल्डर में था लगाया, मकान मालिक का बेटा गिरफ्तार
Delhi Hidden Camera News: राजधानी दिल्ली से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। पुलिस ने करण नाम के एक युवक को अपनी किराएदार के बेडरूम और बाथरूम में स्पाई कैमरा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बेडरूम और बाथरूम में बल्ब होल्डर में स्पाई कैमरा छिपा रखा था।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पूर्वी दिल्ली के शकरपुर में एक 30 वर्षीय युवक को महिला किराएदार के घर में जासूसी कैमरे लगाने और उसका वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित छात्रा यूपीएससी की तैयारी कर रही थी और फ्लैट पर अकेले रहती थी।आरोपी करण मकान मालिक का बेटा है। बताया जा रहा है कि जब कभी युवती छुट्टी पर अपने घर (यूपी) जाती थी तो अपने घर की चाबी मकान मालिक के लड़के को दे जाती थी।
जानकारी के अनुसार करण ने मौका पाकर करीब 3 महीने पहले युवती के फ्लैट में बल्ब होल्डर के अंदर दो कैमरे फिट कर दिए थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपूर्व गुप्ता के अनुसार युवती ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा है कि उसने हाल ही में अपने व्हाट्सएप अकाउंट पर कुछ असामान्य गतिविधि देखी।
छात्रा को पहली दफा शक उस वक्त हुआ जब उसने अपना व्हाट्सऐप चेक किया, उसे पता लगा कि किसी और लैपटॉप पर उसका अकाउंट ओपन है। इसके बाद उसने घर मे तलाशी ली तो बाथरूम में बल्ब होल्डर में स्पाई कैमरा मिला। इससे घबराकर उसने पीसीआर कॉल करके पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस थाना शकरपुर से अधिकारियों की एक टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट की गहन तलाशी ली, जिसमें उसके बेडरूम के बल्ब होल्डर में छिपा हुआ एक और कैमरा मिला। पूछताछ के दौरान करण ने कबूल किया कि तीन महीने पहले जब वो अपने घर के लिए रवाना हुई थी, तो उसने अपने घर की चाबियां उसे दे दी थीं।
अधिकारियों ने कहा कि उसने तीन जासूसी कैमरे खरीदे और उन्हें पीड़िता के बेडरूम और बाथरूम में लगा दिया। चूंकि ये कैमरे वीडियो स्टोर करने के लिए मेमोरी कार्ड का इस्तेमाल करते थे और इन्हें ऑनलाइन संचालित नहीं किया जा सकता था, इसलिए करण ने बिजली और पंखे की मरम्मत की जरूरत के बहाने फ्लैट की चाबियां मांगी थीं, ताकि वह रिकॉर्ड किए गए वीडियो को अपने लैपटॉप में ट्रांसफर कर सके।
पुलिस ने करण के कब्जे से एक जासूसी कैमरा और रिकॉर्ड किए गए वीडियो को स्टोर करने के लिए इस्तेमाल किए गए दो लैपटॉप बरामद किए। बीएनएस अधिनियम की धारा 77 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी शारीरिक रूप से विकलांग है।












Click it and Unblock the Notifications