सिरफिरे ने 'चाची' से शादी करने के लिए भतीजे को किया किडनैप, गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे सिरफिरे शख्स को गिरफ्तार किया है जो एक युवती के पीछे इतना दीवाना हो गया कि बिहार से लेकर दिल्ली तक उसका पीछा करता रहा। जब युवती को वह पा न सका तो उसको हासिल करने के लिए आखिरी रास्ता उसने जुर्म का चुना और जेल पहुंच गया।

युवती के भतीजे को किया किडनैप, दी मारने की धमकी
युवती अपनी बहन और जीजा के साथ दिल्ली में रहती है। उससे शादी के लिए पिंटू कुमार इतना पागल हो गया कि उसने उसे पाने के लिए सारी हदें पार कर दीं।
उसने युवती के 6 साल के भतीजे को पश्चिमी दिल्ली के मुंडका इलाके में स्कूल के बाहर से किडनैप किया और ट्रेन से उसे लेकर बिहार के शेखपुरा चला गया।
14 सितंबर को बच्चे को किडनैप कर वह बिहार की ट्रेन पर चढ़ा। मुगलसराय में उतरकर उसने पीसीओ से बच्चे के परिवार को फोन कर धमकी दी कि युवती से अगर उसकी शादी नहीं हुई तो वह बच्चे का कत्ल कर देगा।
इस घटना की सूचना बच्चे के परिजनों ने पुलिस को दी।
पुलिस ने सर्विलांस के जरिए बिहार से बच्चे को बचाया
मामले की सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस ने बच्चे को बचाने के लिए एक टीम बनाई। सर्विलांस के जरिए पुलिस ने बच्चे को बिहार के एक गांव से अपहर्ता के चंगुल से छुड़ाया। पिंटू कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बिहार में युवती से एक शादी में मिला था पिंटू
युवती से पिंटू पहली बार बिहार में एक शादी के दौरान मिला था। उसके बाद वह उसके एकतरफा प्यार में पड़ गया और उसे हासिल करने की कोशिशों में लग गया।
पहले उसने युवती के जीजा से मेलजोल बढ़ाया। जब युवती अपनी बहन और जीजा के साथ दिल्ली शिफ्ट हो गई तो वह भी कुछ दिनों बाद राजधानी चला आया।
युवती को पहले दिया शादी का ऑफर
दिल्ली में उसने युवती को शादी का ऑफर दिया जिसको उसने यह कहकर ठुकरा दिया कि अभी वह बेरोजगार है। इसके बाद उसने युवती को हासिल करने के लिए उसके भतीजे को किडनैप करने का प्लान बनाया।
पिंटू ने अपराध कबूला
पुलिस से पूछताछ में पिंटू ने अपना अपराध कबूल लिया है और कहा कि युवती से शादी करने के लिए वह अपराध कर बैठा। पुलिस ने पिंटू के खिलाफ किडनैप करने का केस दर्ज कर लिया है और जिस संबंधी के पास उसने बच्चे को छिपाया था उसे भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications