दिल्ली में एक और भीषण हादसा, कृष्णा नगर इलाके में बिल्डिंग में लगी आग, 3 की मौत, कई घायल
दिल्ली के कृष्णा नगर में स्थित रिहाइशी बिल्डिंग में आग लगने की खबर सामने आई है। यहां इस हादसे में तीन लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि 10 लोग हादसे में घायल हुए हैं।
इस हादसे में दिल्ली फायर सर्विस यूनिट ने 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। हादसे में 10 स्कूटी और बाइक भी झुलस गई हैं। फायर डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि यह हादसा देर रात 2.30 बजे हुआ, जिसकी जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई थी।

जानकारी मिलने के तुरंत बाद मौके पर फायर की टीम को भेजा गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कृष्णा नगर के बैंक ऑफ इंडिया के पास स्थित बिल्डिंग में यह आग लगी थी।
जिसके बाद पार्किंग में खड़ी गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। चार मंजिला बिल्डिंग में दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल तक आग की लपटें पहुंच गईं, जिसकी वजह से बिल्डिंग में धुंआ भर गया।
हादसे के बाद आग में जला हुआ एक शव भी बरामद किया गया है। यहां से कुल 12 लोगों को अभी तक रेस्क्यू किया जा चुका है। दो लोगों को गुरू तेग बाहदुर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि 10 लोग घायल हैं। इनमे से एक ही हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे मैक्स अस्पताल में रेफर किया गया है।
हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई है उनकी पहचान 66 वर्षीय प्रमिला साद, 18 वर्षीय केशव शर्मा, 34 वर्षीय अनुज शर्मा के रूप में हुई है। 41 वर्षीय देवेंद्र की हालत काफी गंभीर है।
जबकि 38 वर्षीय रुचिका को हेडगेवार अस्पताल में रेफर किया गया है। जो लोग हादसे में घायल हुए हैं उनकी पहचान सोनम, दिव्यांश, गौरव, करण, राहुल, रोहित, मनीष, सीमा के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications