दिल्ली के बाद जयपुर के स्कूल को तीसरी बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी
Jaipur School Bomb Threat: राजधानी दिल्ली के बाद जयपुर (Jaipur) में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। देर रात भेजे गए धमकी भरे ई-मेल ने प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। धमकी द पैलेस स्कूल (The Palace school) और एसएमएस स्कूल (SMS School)को दी गई थी।
सुबह जब स्कूल स्टाफ ने मेल देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद दोनों स्कूलों में बम निरोधक दस्ता, एटीएस और डॉग स्क्वॉड की टीमें तलाशी के लिए पहुंचीं और बच्चों को एहतियातन घर भेज दिया गया।

Jaipur schools news: पैलेस स्कूल को तीसरी बार मिली धमकी
माणक चौक थाना इलाके में स्थित द पैलेस स्कूल को यह धमकी रात को मिली। मेल में लिखा गया था - "द पैलेस स्कूल के कक्षा 4-7 के क्लासरूम और टॉयलेट में 2 टीएनटी आईईडी विस्फोट होने वाला है। 1.45 बजे तक सभी बच्चों को बाहर निकाल लो।"
गौरतलब है कि द पैलेस स्कूल को तीन महीने में यह तीसरी धमकी है। इससे पहले भी 15 जून और हाल ही में 23 दिन पहले धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था। बार-बार मिल रही इन धमकियों से अभिभावकों और छात्रों में भय का माहौल है।
वहीं दूसरी ओर, एसएमएस स्कूल को भी देर रात 1:33 बजे धमकी भरा मेल मिला। सुबह इसकी जानकारी होते ही स्कूल स्टाफ ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस टीम, बम निरोधक दस्ते, एटीएस और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से घर भेज दिया गया।
स्कूल परिसर के हर कोने की तलाशी
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल के कक्षा-कक्ष, टॉयलेट और अन्य हिस्सों की सघन तलाशी ली। हर कमरे और परिसर की बारीकी से जांच की गई। हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
साइबर टीम जुटा रही सुराग
इस मामले की जांच साइबर टीम को सौंपी गई है। डीसीपी नॉर्थ करन शर्मा ने बताया कि मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया, इस पर काम किया जा रहा है। शुरुआती जांच में शक है कि मेल VPN नेटवर्क के जरिए भेजे गए हैं, जिससे ट्रेस करने में समय लग रहा है। पुलिस का कहना है कि यह धमकी सिर्फ जयपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अन्य शहरों के संस्थानों को भी ऐसे मेल मिल रहे हैं।
बार-बार मिल रही धमकियों से अभिभावक और बच्चे डरे हुए हैं। वहीं, स्कूल प्रशासन ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियां तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications