ज्ञानेश भारती दिल्ली के एकीकृत नगर निगम के नए कमिश्नर नियुक्त
ज्ञानेश भारती नियुक्त किए गए दिल्ली के नगर निगम के कमिश्नर
नई दिल्ली, 20 मई: ज्ञानेश भारती दिल्ली नगर निगम के नए कमिश्नर नियुक्त बनाए गए हैं। शुक्रवार को केंद्र ने आईएएस अधिकारी (1998 बैच) ज्ञानेश भारती को दिल्ली नगर निगम का आयुक्त नियुक्त किया है। ज्ञानेश भारती वर्तमान में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम आयुक्त हैं। अब एकीकृत निगम को चलाने की जिम्मेदारी ज्ञानेश भारती को दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि 1992 बैच के आईएएस अधिकारी अश्विनी कुमार को एकीकृत एमसीडी में स्पेशल ऑफिसर के तौर पर नियुक्त किया है।

दिल्ली नगर निगम (संशोधन) अधिनियम, 2022 के तहत दिल्ली के सभी तीन नगर निगमों (उत्तरी दिल्ली नगर निगम, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगम) को मिलाकर 22 मई से एक कर दिया जाएगा। इसके बाद दिल्ली के तीन वर्तमान नगर निगमों को 22 मई से दिल्ली के एक नगर निगम के रूप में माना जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से बुधवार को तीनों निगमों को एक करने की अधिसूचना जारी की जा चुकी है।
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल बुधवार और उत्तरी निगम का कार्यकाल गुरुवार को खत्म हो चुका है। पूर्वी दिल्ली नगर निगम का कार्यकाल 22 मई को एकीकरण से पहले समाप्त हो जाएगा। इसके बाद एक निगम होगा। दिल्ली के तीनों नगर निगमों में कुल 272 वार्ड और तीन महापौर होते थे। एकीकृत दिल्ली नगर निगम में कुल 250 वार्ड होंगे और एक महापौर होगा।
बता दें कि अप्रैल 1958 को दिल्ली नगर निगम की स्थापना हुई थी। 2011 में दिल्ली नगर निगम में संशोधन करते हुए इसे तीन निगमों, उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के रूप में बांट दिया गया। अब फिर से एक निगम बना दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications