दिल्ली: लड़की ने की आत्महत्या, Boyfriend की ब्लैकमेलिंग से थी परेशान
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जगतपुरी इलाके में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती के परिजनों के मुताबिक, वह पूर्व प्रेमी द्वारा की गई ब्लैकमेलिंग से परेशान थी। बताया कि आरोपी की वजह से कुछ रोज पहले ही उसकी सगाई भी टूट गई थी। परिजनों के अनुसार, 8 मार्च को युवती ने आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाने में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद युवती ने यह कदम उठा लिया।

मामला दिल्ली के जगतपुरी थाना क्षेत्र के न्यू राशिद मार्केट एरिया का है। यहां 22 वर्षीय मृतक ने 8 मार्च को जगतपुर थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत पत्र में बताया कि डेढ़ साल पहले वह जिम करने गीता कॉलोनी 11 नंबर ब्लॉक में जाती थी। वहीं पर उसकी जान पहचान पंकज से हुई। दोनों में दोस्ती हो गई। दो महीने पहले युवती को पता चला कि पंकज मांगलिक नहीं है और सट्टे का काम करता है। जिसके बाद उसने पंकज से ब्रेकअप कर लिया था।
ब्रेकअप के बाद पंकज उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगा। वह उसकी तस्वीर और वीडियो का हवाला देकर 50 हजार रुपए की डिमांड करने लगा। परेशान होकर युवती ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद रुपयों का बंदोबस्त कर पंकज को दिए भी गए थे। कुछ दिनों बाद घरवालों ने युवती का रिश्ता लाजपत नगर में तय कर दिया था। इनकी सगाई 24 फरवरी को हुई थी। युवती के पिता की मानें तो आरोपी ने वीडियो की बात बतायी और 10 लाख की मांग की। लेकिन युवती के परिजनों ने पैसा देने से मना कर दिया था।
बता दें कि आरोपी पंकज ने कुछ रोज पहले युवती के मंगेतर के घर पहुंचकर अपने पूर्व के रिलेशन के बारे में भी बता दिया था। उसने बाकायदा वीडियो दिखाया था जिसके बाद युवती की सगाई टूट गई थी। बुधवार दोपहर उसकी मां ऊपर वाले फ्लोर पर थी तभी युवती ने ग्राउंड फ्लोर के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। यह घटना दोपहर करीब एक बजे की है। मृतका के पिता का कहना है कि पंकज ने उसकी बेटी की जिंदगी बर्बाद कर दी।












Click it and Unblock the Notifications