CBI बिल्डिंग में लगी आग पर पाया गया काबू, सभी कर्मचारी और अधिकारी सुरक्षित
नई दिल्ली, 17 सितंबर: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को एक बड़ी घटना हुई, जहां लोधी रोड पर स्थित सीबीआई बिल्डिंग (CGO कॉन्प्लेक्स) के बेसमेंट में आग लग गई। आनन-फानन में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं वक्त रहते बिल्डिंग के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को निकाल लिया गया, जिससे कोई भी हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 1.30 के करीब लोगों ने बिल्डिंग के बेसमेंट से धुंआ निकलते हुए देखा, जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग की लपटें वहां से निकलने लगीं। जिसके बाद तुरंत सभी से बिल्डिंग खाली करने के लिए कहा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए 8 दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई थीं। जिस वजह से जल्दी ही आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग बेसमेंट में लगी थी, ऐसे में प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही कारण माना जा रहा है।
इमारत में हैं कई अहम दस्तावेज
सीबीआई देश के टॉप लेवल केस की जांच करती है। जिसका मुख्यालय दिल्ली में ही है, जिस वजह से सभी महत्वपूर्ण केस की फाइलें और ऑनलाइन डेटा इसी दफ्तर में रहते हैं। अभी जुलाई में भी इस बिल्डिंग के बेसमेंट में आग लगी थी, उस दौरान शॉर्ट सर्किट को हादसे की वजह माना गया था। ऐसे में दो महीने के अंदर दोबारा वही घटना होने पर बिल्डिंग की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications