दिल्ली के यूके नर्सिंग होम में लगी आग, कोरोना के कई मरीज थे भर्ती
नई दिल्ली, मई 5: देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिस वजह से अस्पतालों का बुरा हाल है। इस बीच मंगलवार रात दिल्ली से एक और चिंताजनक खबर सामने आई, जहां पर दिल्ली के विकासपुरी में स्थित यूके नर्सिंग होम में भयानक आग लग गई। घटना के बाद आनन-फानन में दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी था। साथ ही मरीजों को रेस्क्यू कर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक देर रात 11 बजे के करीब यूके नर्सिंग होम से धुंआ निकलता देखा गया, लोग कुछ समझ पाते तब तक आग काफी फैल गई थी। इसके बाद वहां पर भर्ती मरीजों को रेस्क्यू कर दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दमकल की 7 गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगी हैं। अस्पताल में घटना के वक्त कुल 26 मरीज भर्ती थे, जिसमें से 17 कोरोना केस हैं। उनको सुरक्षित निकालकर आसपास के अस्पतालों में भेज दिया गया है। हालांकि अभी तक आग लगने की वजहों का पता नहीं चल पाया है।
गुजरात में गई 18 की जान
आपको बता दें कि एक मई को गुजरात के भरूच में भी ऐसी घटना हुई थी, जहां पटेल वेलफेयर अस्पताल में आग लग गई। इस घटना में 18 मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई बुरी तरह से घायल हुए थे। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक अस्पताल कोविड मरीजों के लिए था। शुरू में 14 मरीज और दो नर्सिंग स्टाफ की मौत हुई थी। बाद में ये आंकड़ा 18 हो गया था। शुरुआती जांच के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट थी।












Click it and Unblock the Notifications