Delhi New CM: दिल्ली में पंजाबी राजपूत महिला सीएम, जानिए क्या है हरियाणा चुनाव कनेक्शन
Delhi New CM: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद प्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। विधायक दल की बैठक में केजरीवाल सरकार की मंत्री आतिशी सिंह को प्रदेश का नया मुख्यमंत्री चुन लिया गया है। अब दिल्ली को तीसरी बार महिला मुख्यमंत्री मिली है। दिल्ली में छह महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं।
आतिशी सिंह साल 2020 में कालकाजी सीट से पहली बार विधायक चुनी गई। इससे पहले आतिशी केजरीवाल सरकार में शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया की सलाहकार हुआ करती थी। दिल्ली में स्कूल शिक्षा पर उन्होंने बहुत अच्छा काम किया। यही वजह रही कि उन्हें विधायक बनाकर मंत्री बनाया गया।

दिल्ली सरकार में आतिशी को मुख्यमंत्री चुने जाने को लेकर कई तरह के कयास और चर्चाएं शुरू हो गई है। राजनीति के जानकार और भाजपा नेताओं का मानना है कि अरविंद केजरीवाल ने दबाव में फैसला लेते हुए आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया है। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का कहना है कि अरविंद केजरीवाल ने आतिशी को अनिच्छा से सीएम बनाया है। उन्होंने आप पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार का चेहरा बदला है। पार्टी का चरित्र जस का तस है। वीरेंद्र सचदेवा ने आतिशी को पपेट सीएम बताया है।
आपको बता दें कि आतिशी सिंह पंजाबी राजपूत हैं। उनके पति का नाम प्रवीण सिंह है। वे आईआईटी दिल्ली और आईआईएम अहमदाबाद से पढ़े हुए हैं। अब वे सद्भावना इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी जैसे संस्थान से जुड़े हुए हैं और समाज सेवा का कार्य करते हैं।
राजनीति के जानकार अरविंद केजरीवाल के इस फैसले को हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 से भी जोड़कर देख रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में कोई गठबंधन नहीं करते हुए प्रदेश की 90 सीटों पर पार्टी के उमीदवार उतार दिए हैं। जानकार कहते हैं कि हरियाणा को दिल्ली के गेट वे के तौर पर भी देखा जाता है। दिल्ली एनसीआर का बड़ा हिस्सा हरियाणा से जुड़ा हुआ है। इस लिहाज से भी हरियाणा देश का अहम प्रदेश बन जाता है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति बहुत ठीक नहीं है। ऐसे में कांग्रेस और अन्य दलों के साथ आम आदमी पार्टी भी हरियाणा में पूरी ताकत झोंक रही है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी की सक्रियता के कुछ और मायने भी हैं। पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल मूलतः हरियाणा के रहने वाले अग्रवाल महाजन समुदाय से आते हैं। इसके साथ ही हरियाणा में पंजाबी और राजपूत समुदाय भी बड़ी तादाद में है। हरियाणा में पंजाबी और राजपूत समुदाय की भाजपा से नाराजगी है। राजपूत समुदाय ने लोकसभा और अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा का खुलकर विरोध भी किया है। जिसका खामियाजा भाजपा को उठाना पड़ा।
ऐसे में माना जा रहा है कि आप पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल का हरियाणा से कनेक्शन होने की वजह आम आदमी पार्टी हरियाणा में पूरी ताकत झोंक रही है. राजनीति के जानकार कहते हैं कि आप ने दिल्ली में पंजाबी राजपूत को मुख्यमंत्री हरियाणा चुनाव को साधने के लिए बनाया। अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा चुनाव को साधने के लिए बड़ा दांव खेला है। इसके जरिए पार्टी पंजाबी और राजपूत समुदाय में अपनी गहरी पैठ कायम करेगी।












Click it and Unblock the Notifications