दुर्गा अष्टमी पर बेटियों का सम्मान: CM रेखा गुप्ता ने 1100 छात्राओं को दी साइकिल, बोलीं- ‘यही हैं भविष्य’
Delhi CM Rekha Gupta News: दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर रेखा गुप्ता ने दिल्ली के शालीमार बाग स्थित सर्वोदय विद्यालय में कन्या पूजन कर बेटियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने बेटियों को शक्ति और संस्कार की प्रतीक बताते हुए कहा कि हर बेटी में मां दुर्गा का स्वरूप नजर आता है। कार्यक्रम के दौरान एक भावुक पल भी सामने आया, जब मुख्यमंत्री से बात करते हुए एक छात्रा भावुक हो गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियां केवल परिवार की खुशी नहीं, बल्कि समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। उनकी मुस्कान में ही ईश्वर का आशीर्वाद झलकता है। उन्होंने इस मौके पर यह भी कहा कि कन्या पूजन केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज को यह याद दिलाने का माध्यम है कि जहां बेटियों का सम्मान होता है, वहीं सच्ची समृद्धि आती है।

दिल्ली सरकार ने 1100 छात्राओं को दी साइकिल
इस विशेष अवसर पर सरकार की ओर से 1100 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा को आसान बनाना है, ताकि उन्हें स्कूल आने-जाने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष के बजट में एक बड़ा प्रावधान किया गया है, जिसके तहत दिल्ली के सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 पास करने वाली करीब 1,30,000 छात्राओं को साइकिल दी जाएगी। इस योजना से स्कूल छोड़ने की दर में कमी आएगी और अभिभावकों की चिंता भी घटेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि हर बेटी सशक्त बने और हर घर में सुख-समृद्धि बनी रहे। उन्होंने कहा कि दिल्ली का भविष्य इन बेटियों की प्रगति और आत्मनिर्भरता से ही मजबूत होगा।
लायंस आई सेंटर का भी हुआ उद्घाटन
इसके अलावा, शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत लायंस क्लब द्वारा स्थापित लायंस आई सेंटर का उद्घाटन भी किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में इस क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बार के बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 12,645 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो कुल 1,03,700 करोड़ रुपये के बजट का अहम हिस्सा है।
इस कार्यक्रम में निगम पार्षद अनीता जैन समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने लायंस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications