Delhi Water Bill OTS Scheme: सीएम अरविंद केजरीवाल बोले- भाजपा ने LG से कहकर रुकवा दी ये स्कीम
Delhi Water Bill OTS Scheme: दिल्ली वाटर बिल वन टाइम सेटेलमेंट स्कीम में देरी को लेकर एक बार फिर सीएम केजीवाल ने भाजपा और उप राज्यपाल वीके सक्सेना को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एलजी को बोलकर स्कीम रुकवा दिया है। वाटर बिल में विसंगतियों को लेकर सीएम केजरीवाल ने कहा कि कोरोना काल में कोरोना की वजह से कई महीने रीडिंग नहीं ली गई। उन्होंने दफ्तर में बैठ कर ही फर्जी रीडिंग भर दी। उसकी वजह से गलत बिल आने लगे, जनता ने बिल भरे नहीं उस पर ब्याज लगता गया और अब बिल लाखों में पहुंच गए। ऐसे में दिल्ली सरकार जो स्कीम लेकर आई है उससे दिल्लीवासियों को बड़ी राहत मिलने वाली है।
इस दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक गलत बिल को फाड़ते हुए कहा कि इसके समाधान के लिए दिल्ली सरकार वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लाना चाहती है, लेकिन भाजपा ने उपराज्यपाल के माध्यम से अफसरों से कह कर स्कीम को रोक दिया है। दिल्ली की जनता देख रही है कि कैसे मैं इनसे लड़-लड़कर सारे काम करवा रहा हूं।

सीएम ने कहा कि पूरी दिल्ली में लगभग 11 लाख परिवारों के बिल गलत आ रहे हैं। नई स्कीम के तहत पुराने जिनके भी बिल गलत आ रहे हैं इनके बिल ठीक किए जाएं। हमारा अनुमान है कि इससे 95 प्रतिशत बिल जीरो हो जाएंगे। लोगों के बीच सीएम ने कहा, "लोग चिंता न करें, भरोसा रखें। पानी बिल माफी योजना को लाने में भाजपा चाहे जितनी अड़चनें डाले, लेकिन वो सभी के बिल माफ करवा कर रहेंगे।"
सीएम से आश्वासन मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने भी पानी के गलत बिलों को फाड़ दिया। उन्होंने कहा कि हमें आप (मुख्यमंत्री) पर पूरा भरोसा है। गोविंदपुरी में स्थानीय लोगों से मुलाकात के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिन लोगों के गलत बिल आए हैं, वो अपने बिल न जमा करें, हम जल्द से जल्द स्कीम लाने का प्रयास कर रहे हैं। अगर सीधी उंगली से काम नहीं होगा तो उंगली टेढ़ी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications