दिल्ली: गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बीच 4 दिन बंद रहेंगे ये रास्ते, ट्रैफिक पुलिस ने दी जानकारी
नई दिल्ली, 15 जनवरी। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 26 जनवरी को मनाए जाने वाले गणतंत्र दिवस को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस वर्ष देशभर में 73वां गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा, जिसमें हर बार की तरह कई राज्यों की झांकियों के साथ सेना अपने शौर्य का परिचय दुनिया को देगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर कुछ जानकारी साझा की है, जिसके बारे में आपको जानकारी होना आवश्यक है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 17, 18, 20 और 21 जनवरी को कई रास्ते बंद हो सकते हैं।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि राजपथ पर गणतंत्र दिवस परेड के पूर्वाभ्यास की सुविधा के लिए 17, 18, 20 और 21 जनवरी को राजपथ-रफी मार्ग, राजपथ-जनपथ, राजपथ-मानसिंह रोड समेत राजपथ-सी-हेक्सागन मार्ग पर सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक यातायात पर प्रतिबंध रहेगा। आसान शब्दों में कहें तो बताई गई तारीखों के दिन इन रास्तों पर कोई भी वाहन नहीं चलेगा। इसके अलावा चार दिनों तक विजय चौक से इंडिया गेट मार्ग भी बंद रहेगा। बता दें कि इन रास्तों पर गणतंत्र दिवस के लिए पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षाबलों के जवान परेड का पूर्वाभ्यास करेंगे।
यह भी पढ़ें: 'बहुत खराब' कैटेगरी में पहुंची दिल्ली की हवा, IMD ने बताया अगले 4 दिनों के मौसम का हाल
23 जनवरी से ही शुरू हो जाएगा समारोह
गणतंत्र दिवस की तैयारियों के बीच शनिवार को केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया। गणतंत्र दिवस समारोह अब हर साल 24 जनवरी के बजाय 23 जनवरी से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से शुरू होगा। गणतंत्र दिवस समारोह में अब स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती शामिल होगी। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का फोसस हमारे इतिहास और संस्कृति के महत्वपूर्ण पहलुओं को मनाने याद करने पर केंद्रित रहा है और ये फैसला भी उसी के अंतर्गत लिया गया है। जानकारी के लिए बता दें कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जन्म 23 जनवरी, 1897 को हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications