Delhi Today: BJPने की नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति, 100 दिन पूरे होने पर 31 को गवर्नमेंट लाएगी रिपोर्ट कार्ड
Delhi Today: दिल्ली बीजेपी ने संगठन में बदलाव करते हुए 14 नए जिलाध्यक्षों की घोषणा की है। इनमें तीन नेताओं को लगातार दूसरी बार मौका मिला है, जबकि दो महिला नेताओं को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है। कुछ पुराने अनुभवी नेताओं की भी वापसी हुई है। पार्टी ने अनुभव और सामाजिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाकर यह लिस्ट तैयार की है।
वहीं, राजधानी में बीजेपी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर 31 मई को रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा। इस दिन कुछ नई घोषणाएं भी हो सकती हैं। कोरोना को लेकर भी दिल्ली सरकार सतर्क है। राजधानी में फिलहाल 104 सक्रिय केस हैं और हालात नियंत्रण में हैं। सरकार ने अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है।

दिल्ली बीजेपी ने जारी की 14 जिलाध्यक्षों की सूची
दिल्ली बीजेपी ने सोमवार को 14 जिलों के नए अध्यक्षों के नामों की घोषणा की। यह फैसला पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि इन नियुक्तियों में अनुभव और सामाजिक विविधता का ध्यान रखा गया है।
ये भी पढ़ें: CM धामी और BJP प्रदेश अध्यक्ष भट्ट की दिल्ली में मुलाकात से चढ़ा सियासी पारा, जानिए इसके सियासी मायने
तीन नेताओं को लगातार दूसरी बार मौका
सूची के अनुसार, तीन नेताओं को लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें विजेंद्र धामा (मयूर विहार), चंद्रपाल बक्शी (पश्चिम दिल्ली), और दीपक गौबा (शाहदरा) शामिल हैं। पार्टी ने दो महिलाओं को भी जिलाध्यक्ष बनाया है। इनमें राज शर्मा गौतम (नजफगढ़) और माया बिष्ट (दक्षिण दिल्ली) का नाम शामिल है।
चार पूर्व जिलाध्यक्ष फिर से कमान संभालेंगे
चार ऐसे नेता भी हैं जो पहले भी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और अब एक बार फिर इस जिम्मेदारी को निभाएंगे। इनमें अरविंद गर्ग (चांदनी चौक), विनोद सहरावत (उत्तर-पश्चिम), वीरेंद्र बब्बर (करोल बाग) और मास्टर बिनोद कुमार (नवीन शाहदरा) का नाम शामिल है।
100 दिन पूरे होने पर दिल्ली सरकार लाएगी रिपोर्ट कार्ड
दिल्ली में बीजेपी सरकार बनने के बाद 100 दिन पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार 31 मई को एक रिपोर्ट कार्ड जारी करने जा रही है। इस रिपोर्ट में सरकार के अब तक के कामों और नई योजनाओं का विवरण होगा।
नई घोषणाएं शामिल होने की उम्मीद
सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट कार्ड के साथ ही सरकार कुछ नई योजनाओं और घोषणाओं का भी ऐलान कर सकती है। बीजेपी करीब 30 साल बाद राजधानी की सत्ता में लौटी है, ऐसे में यह शुरुआती 100 दिन पार्टी के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं।
दिल्ली में कोरोना के 104 एक्टिव केस
स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में इस समय कुल 104 सक्रिय कोरोना मामले हैं। पिछले सप्ताह यह संख्या 99 थी। इस दौरान 24 मरीज ठीक भी हुए हैं।
स्थिति नियंत्रण में, लेकिन सतर्कता जरूरी
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन किसी भी संभावित वृद्धि को लेकर नजर रखी जा रही है। हाल के हफ्तों में किसी भी कोविड मरीज की मौत दर्ज नहीं की गई है। सरकार ने बीते शुक्रवार को एक सलाह जारी की है, जिसमें अस्पतालों को सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें बेड, ऑक्सीजन, जरूरी दवाएं और वेंटिलेटर जैसी मशीनों की उपलब्धता शामिल है।
ये भी पढ़ें: कौन है CRPF जवान मोती राम जाट, जो कर रहा था पाकिस्तान के लिए जासूसी? NIA ने दिल्ली से किया गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications