Delhi Today: AAP ने लॉन्च किया नया स्टूडेंट विंग 'ASAP', दिल्ली सरकार के MLA फंड घटाने पर विवाद
Delhi Today: आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने छात्र संगठन को नया नाम देते हुए 'ASAP' लॉन्च किया है। अरविंद केजरीवाल ने इस मौके पर मुख्यधारा की राजनीति की आलोचना करते हुए कहा कि देश में शिक्षा और विकास की जगह बच्चों को धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है।
वहीं, दिल्ली सरकार ने विधायकों की विकास निधि 15 करोड़ से घटाकर 5 करोड़ कर दी है, जिससे राजधानी की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। पढ़िए दिल्ली से जुड़े आज के तमाम बड़े अपडेट्स।

'ASAP' के जरिए युवाओं से जुड़ने की कोशिश
आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी के छात्र संगठन का नया नाम और रूप लॉन्च किया। अब इसे 'एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर ऑल्टरनेट पॉलिटिक्स (ASAP)' कहा जाएगा। यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित संविधान क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित किया गया, जिसमें दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और गुजरात से आए छात्र शामिल हुए।
ये भी पढ़ें: Delhi Power Cut: दिल्ली के इन इलाकों में आज घंटों गुल रहेगी बिजली, लिस्ट में कहीं आपका एरिया भी तो नहीं?
'AI की जगह बच्चों को झोंक रहे हैं धार्मिक झगड़ों में'
केजरीवाल ने मुख्यधारा की राजनीति पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, "दुनिया जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर काम कर रही है, वहीं देश की राजनीति हमारे बच्चों को हिंदू-मुस्लिम के झगड़ों में उलझा रही है। नेता अपने बच्चों को विदेश पढ़ने भेजते हैं और देश के बच्चों को नफरत की राजनीति सिखाई जा रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "पावर का गलत इस्तेमाल करके, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करके चुनाव जीतना मुख्यधारा की राजनीति है, जबकि दिल जीतकर चुनाव जीतना वैकल्पिक राजनीति है, और हम उसी की बात कर रहे हैं।"
चुनावी हार के बाद दिल्ली में पहली बड़ी राजनीतिक उपस्थिति
AAP को फरवरी 2025 के विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद यह कार्यक्रम केजरीवाल की दिल्ली में पहली बड़ी राजनीतिक उपस्थिति रही। अब पार्टी की नजर पंजाब पर है, जहां वह अभी भी सरकार में है।
'75 साल से केवल नफरत की राजनीति'
केजरीवाल ने कहा, "देश की सबसे बड़ी समस्याओं की जड़ यही है कि बीते 75 सालों में बीजेपी, कांग्रेस और अन्य पार्टियों ने केवल राजनीति की है। आम लोगों को न तो शिक्षा मिली, न रोजगार, न ही भरपेट खाना। क्योंकि इन पार्टियों ने केवल धर्म के नाम पर लोगों को बांटा है।"
दिल्ली में विधायक निधि में भारी कटौती, नया सियासी विवाद
इस बीच दिल्ली की राजनीति में एक और बड़ा फैसला चर्चा में है। बीजेपी की रेखा गुप्ता सरकार ने विधायकों की क्षेत्रीय विकास निधि (MLA-LAD) को 15 करोड़ रुपये से घटाकर 5 करोड़ रुपये कर दिया है।
दिल्ली कैबिनेट का आदेश
शहरी विकास विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 से यह नई व्यवस्था लागू होगी। यह एक "अनटाइड फंड" होगा, जिसे क्षेत्र में परिसंपत्तियों के रखरखाव और जरूरी निर्माण कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
AAP नेताओं ने इस कटौती का विरोध करते हुए कहा है कि इससे आम जनता के विकास कार्यों पर असर पड़ेगा। अब देखना होगा कि यह फैसला आगे दिल्ली की राजनीति को कैसे प्रभावित करता है।
ये भी पढ़ें: UP Weather Update: अरब सागर-बंगाल की खाड़ी से आई नमी से बढ़ी उमस, जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम












Click it and Unblock the Notifications