दिल्ली में कोरोना वायरस के 28 नए मामले, सिंतबर में कोविड से दूसरी मौत
नई दिल्ली, सितंबर 16: राजधानी में कोरोना के नए मामालों में हर दिन उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिल्ली में गुरुवार को कोरोना के 28 नए मामले आए हैं। जो पिछले दिन के मुकाबले कम है। कई दिनों बाद आज दिल्ली में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं, संक्रमण दर (पॉजिटिविटी रेट) 0.04 फीसदी दर्ज की गई है। दिल्ली में सितंबर में अब तक संक्रमण के कारण केवल 2 मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, बुधवार को कोरोना के 57 मामले सामने आए थे।

स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, दिल्ली में कुल मामले बढ़कर 14,38,373 पहुंच गए हैं। इनमें से 14.12 लाख से अधिक मरीज संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। बताया गया है कि वायरस दिल्ली में 25,084 लोगों की जान ले चुका है। बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को 72,481 नमूनों की जांच की गई थी। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को संक्रमण के कारण किसी भी मरीज की मृत्यु होने की पुष्टि नहीं हुई थी।
दिल्ली कोरोना वायरस की दूसरी लहर से बुरी तरह से प्रभावित हुई थी और इस साल अप्रैल में एक दिन में सबसे ज्यादा 28,395 मामले आए थे और तीन मई को एक दिन में सबसे ज्यादा 448 मौतें हुई थीं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इस साल 16 जनवरी को वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत के बाद राष्ट्रीय राजधानी में अबतक 1,53,36,113 लोगों को वैक्सीन लगाया जा चुका है। उसके अनुसार, 1.09 करोड़ से अधिक लोगों को वैक्सीन की कम से कम एक खुराक लगा दी गई है।
इस बीच दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण विभाग (डीडीएमए) ने एक आदेश जारी कर, बृहस्पतिवार से दिल्ली में सार्वजनिक मेलों और प्रदर्शनियों के लिए अनुमति दे दी है। कोविड-19 वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के मद्देनजर लगे लॉकडाउन के कारण दिल्ली में सार्वजनिक मेलों और प्रदर्शनियों पर रोक लगा दी गई थी। प्राधिकरण ने बुधवार को जारी किए गए एक आदेश में कहा कि शहर में 16 सितंबर से व्यापार से लेकर उपभोक्ता प्रदर्शनियों को अनुमति दी जाएगी। बैंक्वेट हॉल में ऐसी प्रदर्शनियों और मेलों को आयोजित करने की अनुमति होगी। आदेश में कहा गया है कि आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए दिल्ली के स्कूल अभी बंद रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications