दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर मिले कोरोना के 63 नए मरीज, आज ही ओमिक्रोन संक्रमित मरीज की हुई है पुष्टि
नई दिल्ली, 05 दिसंबर। कोरोना का नया वेरिएंट देश की राजधानी दिल्ली में भी दस्तक दे चुका है। रविवार को दिल्ली में ओमिक्रोन वेरिएंट के पहले मरीज की पुष्टि हुई। वो मरीज एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती है। उसके अलावा भी 10-12 संदिग्ध मरीज एलएनजेपी में ही भर्ती हैं। इस बीच राजधानी दिल्ली में कोरोना के नए मरीजों का आंकड़ा फिर से बढ़ गया है। शुक्रवार के मुकाबले नए मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में दिल्ली के अंदर 63 नए मरीज सामने आए हैं। हालांकि राहत वाली बात ये है कि किसी मरीज की संक्रमण के कारण मौत नहीं हुई है। वहीं पिछले 24 घंटे में 15 मरीज रिकवर हुए हैं।
Recommended Video
एक्टिव केस की संख्या में हुआ इजाफा
दिल्ली में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 14,41,358 हो गई है। साथ ही कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 14,15,890 है। राजधानी दिल्ली में कोरोना से जान गंवाने वाले मरीजों की संख्या 25,098 है। दिल्ली में एक्टिव केस की संख्या 370 है। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट 0.11 फीसदी हो गया है। आपको बता दें कि राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोरोना के 51 मरीज मिले थे, जबकि शुक्रवार को ये संख्या 56 थी। शनिवार को रिकवर मरीजों की संख्या 61 थी। वहीं एक्टिव केस की संख्या 322 थी।
ये भी पढ़ें: Omicron ने दिल्ली में दी दस्तक, विदेश से लौटा शख्स मिला पॉजिटिव, LNJP में है भर्ती