दिल्ली में दो महीने के निचले स्तर पर पहुंचे डेली कोरोना केस, 24 घंटे में 45 की मौत
नई दिल्ली, जून 03: दिल्ली में आज कोरोना वायरस के 487 नए मामले दर्ज किए गए, जो 16 मार्च के बाद सबसे कम है। अगर बात दिल्ली के पॉजिटिविटी रेट की करें तो यह 0.61 प्रतिशत पर पहुंच गया है। राजधानी में पिछले 24 घंटे में इस बीमारी से 45 मरीजों की मौत हुई है। दिल्ली में कोरोना पिछले दो महीने के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। वहीं ठीक होने वालों की संख्या 1,058 दर्ज की गई।

गुरुवार को दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 487 नए मामले सामने आए। वहीं कोविड के संक्रमण से 45 मौतें हुई हैं। दिल्ली में फिलहाल कुल सक्रिय मामले 8,748 रह गए हैं। दिल्ली में कोरोना के नए केस और मृतकों की संख्या में गिरावट 20 मई से शुरू हुई थी, जो अब अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। राजधानी के रिकवरी रेट 97.67 प्रतिशत है, जबकि मृत्यु दर 1.71 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 80,046 परीक्षण किए गए।
कोरोना के दूसरी लहर में दिल्ली में 19 अप्रैल से दैनिक कोरोना मामलों और मौतों की संख्या में वृद्धि देखने को मिली थी। 3 मई को दिल्ली में 448 लोगों की मौत हुई थी, जो एक दिन में सर्वाधिक मौतों का आकंड़ा है। दिल्ली के अस्पतालों में बेड्स की बात करें तो कुल 24584 बेड्स में से 20572 बेड खाली हैं। वहीं डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर और कोविड हेल्थ सेंटर में क्रमशः 6154 और 528 बेड खाली हैं। वहीं वर्तमान में 4531 मरीज होम आईसोलेशन में हैं।
वहीं अगर दिल्ली में ब्लैक फंगस मामलों की बात की जाए तो राजधानी में अभी तक ब्लैक फंगस के कुल 1,044 मामले सामने आए हैं। जिनमें से 89 लोगों की ब्लैक फंगस की वजह से मौत हो गई। वहीं अभी तक 92 लोग ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications