BRICS समिट के चलते 11 सितंबर को दिल्ली में क्या खुला-क्या बंद? चेक करें दफ्तर, स्कूल से लेकर बैंक तक के अपडेट
Delhi Public Holiday: दिल्ली में 18वें BRICS Summit को लेकर 11 सितंबर 2026 को खास छुट्टी घोषित की गई है। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले इस बड़े अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान सुरक्षा और वीवीआईपी आवाजाही को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। शुक्रवार, 11 सितंबर को केंद्र और दिल्ली सरकार के कई दफ्तरों के साथ स्कूल बंद रहेंगे।
हालांकि, सभी संस्थानों पर छुट्टी लागू नहीं होगी। निजी कंपनियों के कर्मचारियों को अपनी कंपनी से जानकारी लेनी होगी, जबकि दिल्ली में बैंक सामान्य रूप से खुले रहने की उम्मीद है। समिट के दौरान कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन भी लागू रहेंगे।

केंद्र और दिल्ली सरकार के दफ्तर बंद, स्कूलों में भी रहेगी छुट्टी
11 सितंबर को दिल्ली और नई दिल्ली में स्थित केंद्र सरकार के सभी दफ्तर बंद रहेंगे। इसके अलावा दिल्ली सरकार के कार्यालय, स्वायत्त संस्थान और दिल्ली सरकार के तहत आने वाले सार्वजनिक उपक्रमों में भी छुट्टी रहेगी। दिल्ली के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूल 11 सितंबर को बंद रहेंगे। शिक्षा निदेशालय के आदेश के तहत उसके दायरे में आने वाले स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में 35 सड़कों पर ट्रैफिक बंद, 22 पॉइंट पर डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें एडवायजरी
निजी दफ्तरों का क्या होगा?
निजी कंपनियों और कार्यालयों के लिए सरकारी छुट्टी अपने आप लागू नहीं होती। इसलिए निजी कर्मचारियों को अपनी कंपनी से यह पता करना होगा कि ऑफिस बंद रहेगा, सामान्य रूप से काम होगा या वर्क फ्रॉम होम दिया जाएगा।
दिल्ली में बैंक खुलेंगे या बंद?
11 सितंबर को दिल्ली में बैंक बंद नहीं रहेंगे। इस तारीख को दिल्ली के लिए बैंक अवकाश घोषित नहीं किया गया है, इसलिए बैंक शाखाओं के सामान्य रूप से काम करने की उम्मीद है। हालांकि, अगले दिन यानी 12 सितंबर को दूसरा शनिवार होने के कारण बैंकों की नियमित छुट्टी रहेगी।
ट्रैफिक को लेकर भी अलर्ट
BRICS Summit के दौरान दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है। 11 से 13 सितंबर के बीच 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण और डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। आईजीआई एयरपोर्ट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। एयरपोर्ट जाने वालों के लिए मेट्रो को बेहतर विकल्प बताया गया है।
ये भी पढ़ें: BRICS सम्मेलन से क्यों परेशान हैं TMC सांसद? दिल्ली की खिंचाई, पर कर रहीं 'मोदी के गुजरात' की तारीफ


Click it and Unblock the Notifications
