दिल्ली में 35 सड़कों पर ट्रैफिक बंद, 22 पॉइंट पर डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देख लें एडवायजरी
BRICS Summit 2026 Delhi Traffic Advisory: 10 से 14 सितंबर के बीच दिल्ली-एनसीआर में सड़क से सफर करने वालों को सामान्य से ज्यादा समय लेकर चलना पड़ सकता है। BRICS Summit 2026 के चलते राजधानी में वीवीआईपी आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और मोटरकेड की रिहर्सल के कारण कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक में बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सलाह के अनुसार, इस दौरान 35 से ज्यादा सड़कों पर डायवर्जन और ट्रैफिक नियंत्रण लागू रहेगा।
भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले सम्मेलन को देखते हुए करीब 4,800 यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है। 9 सितंबर की शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक मोटरकेड रिहर्सल भी होगी। ऐसे में एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या आईएसबीटी जाने वाले यात्रियों को पहले से अपना रास्ता तय करने और अतिरिक्त समय रखने की सलाह दी गई है।

35 से ज्यादा सड़कों पर बदलेगा ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी में 22 डायवर्जन प्वाइंट बताए गए हैं। प्रभावित प्रमुख सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंबा रोड और टॉलस्टॉय मार्ग शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: छात्रों की बल्ले-बल्ले! 11 सितंबर को दिल्ली में छुट्टी का ऐलान, लगातार 3 दिन बंद रहेंगे स्कूल, क्या है वजह?
इसके अलावा नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली जा सकती है।
रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए भी खास व्यवस्था
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री कश्मीरी गेट आईएसबीटी से बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, डीबीजी रोड और पंचकुइयां रोड होते हुए कनॉट प्लेस जा सकते हैं। दूसरा विकल्प आश्रम चौक, रिंग रोड, राजघाट और जेएलएन मार्ग वाला रास्ता है। वंदे मातरम मार्ग से डॉ. आंबेडकर मार्ग और पंचकुइयां रोड वाला मार्ग भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन
पुरानी दिल्ली स्टेशन के लिए कश्मीरी गेट आईएसबीटी, रिंग रोड, हनुमान मंदिर और एसपी मुखर्जी मार्ग वाला रास्ता सुझाया गया है। आश्रम चौक-राजघाट-रिंग रोड वाला मार्ग भी विकल्प है। वंदे मातरम मार्ग से डॉ. आंबेडकर मार्ग, रानी झांसी फ्लाईओवर, बुलेवार्ड रोड और लोथियन रोड का रास्ता भी दिया गया है।
हजरत निजामुद्दीन स्टेशन
निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री एम्स, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड का रास्ता ले सकते हैं। कश्मीरी गेट आईएसबीटी से रिंग रोड, राजघाट, आश्रम चौक और मथुरा रोड वाला विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए मेट्रो बेहतर विकल्प
ट्रैफिक पुलिस ने इन दिनों एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की खास सलाह दी है। सड़क से जाने वालों के लिए अलग-अलग इलाकों से वैकल्पिक मार्ग भी बताए गए हैं।
गुरुग्राम से टी3, टी4 और टी2 के लिए एनएच-48, राव गजराज सिंह मार्ग, पुरानी दिल्ली-गुरुग्राम रोड, यूईआर-2 और सर्विस रोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। टी1 के लिए महिपालपुर फ्लाईओवर के नीचे से टी-3 रोड और महिपालपुर फ्लाईओवर-उलान बातार मार्ग वाला रास्ता दिया गया है।
द्वारका से सेक्टर-22 द्वारका रोड और यूईआर-2 के नए टनल से टी3 की ओर जाने का विकल्प रहेगा।
नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली से एम्स, रिंग रोड, मोती बाग, आरटीआर मार्ग, शंकर विहार फ्लाईओवर के नीचे से होते हुए एनएच-48 और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वैकल्पिक रास्ते बताए गए हैं।
पश्चिमी दिल्ली से पंजाबी बाग, रिंग रोड, राजा गार्डन, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड, डाबरी, द्वारका रोड, रोड नंबर 224, यूईआर-2 और एनएच-48 के रास्ते एयरपोर्ट पहुंचा जा सकता है।
उत्तर और पूर्वी दिल्ली से कश्मीरी गेट, रानी झांसी फ्लाईओवर, रोहतक रोड, पंजाबी बाग, राजा गार्डन, नजफगढ़ रोड, पंखा रोड, डाबरी और द्वारका होते हुए एयरपोर्ट जाने का वैकल्पिक मार्ग दिया गया है।
मेट्रो चलेगी, बसों के रूट बदल सकते हैं
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन सामान्य रूप से चलते रहेंगे। हालांकि, VVIP मूवमेंट के दौरान बसों के रूट बदले जा सकते हैं। टैक्सी और ऑटो को सड़क किनारे खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी, सिवाय तय जगहों के।
व्यावसायिक वाहनों पर भी रोक
दिल्ली में ऐसे व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी, जिनका गंतव्य दिल्ली नहीं है। वाहनों को केवल अधिकृत पार्किंग में खड़ा करने की अनुमति होगी। नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग पर भी सख्ती रहेगी।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
एम्बुलेंस और दूसरे जरूरी चिकित्सा वाहनों के लिए रास्ता खुला रखा जाएगा। आपातकालीन और जरूरी सेवाओं की गाड़ियों को दिल्ली में 24 घंटे बिना रुकावट रास्ता देने की व्यवस्था रहेगी। जरूरी सामान और सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही भी जारी रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी जाने के लिए अतिरिक्त समय रखें, सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें और यात्रा से पहले तय वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर देख लें।
ये भी पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट पर पहली बार उतरे रूस के 3 मिलिट्री प्लेन,IL-76 भी शामिल, पुतिन के भारत दौरे से क्या कनेक्शन?


Click it and Unblock the Notifications
