Delhi Pollution 2025: क्या इस बार की दिवाली भी बिना पटाखों के? पुलिस ने 1,700 किलो अवैध Crackers जब्त
Delhi Pollution 2025: दिल्ली में 2025 की दिवाली से पहले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने रविवार (5 अक्टूबर 2025) को बताया कि इस महीने कई छापेमारी अभियानों में करीब 1,700 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे जब्त किए गए और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के वायु प्रदूषण रोकथाम और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देशों के तहत की गई। आइए जानते हैं, पुलिस ले कहां-कहां छापेमारी की...

पुलिस की कार्रवाई: कहां-कहां हुई छापेमारी?
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने द्वारका, रोहिणी, उत्तम नगर, शास्त्री नगर, मुकुंदपुर और शाहदरा में छापे मारे। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पंकज कुमार ने बताया कि इन अभियानों में 1,645 किलो पटाखे और एक पिकअप ट्रक जब्त किया गया।
- पहला अभियान: द्वारका, रोहिणी और उत्तम नगर में छापेमारी के दौरान 916 किलो से ज्यादा प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए गए। गुप्त सूचना के आधार पर किराना दुकानदार आकाश गुप्ता (24) को 13 कार्टन और एक बोरी पटाखों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आकाश ने बताया कि उसने चंदर कांत (36) नामक पिकअप चालक से पटाखे खरीदे थे। इसके बाद चंदर को रोहिणी में 400 किलो अवैध पटाखों के साथ पकड़ा गया। चंदर के खुलासे पर उत्तम नगर में ऋषि राज (37) के घर से 182 किलो पटाखे बरामद किए गए।
- मुकुंदपुर में छापा: भलस्वा डेयरी इलाके में सोनू (30) को गिरफ्तार किया गया, जहां एक रिहायशी इमारत में एलईडी बल्ब बनाने की आड़ में 311 किलो पटाखे छिपाए गए थे।
- शाहदरा में कार्रवाई: अशोक नगर मार्केट में विशाल शर्मा (34) को 106 किलो अवैध पटाखों के साथ पकड़ा गया।
डीसीपी ने बताया कि कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें गैर-इरादतन हत्या का प्रयास, चोट पहुंचाने और दिल्ली आबकारी अधिनियम के उल्लंघन जैसे मामले शामिल हैं।
Delhi Pollution 2025 Status: दशहरे के बाद AQI में सुधार
दशहरे के बाद बारिश और तेज हवाओं की वजह से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया। शुक्रवार (तीन अक्टूबर) को 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 88 रहा, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। इससे 21 दिनों से चला आ रहा मध्यम या उच्च AQI का सिलसिला टूट गया। पिछले सालों के रुझान बताते हैं कि दशहरे के बाद प्रदूषण में बढ़ोतरी आम है। उदाहरण के लिए, 2020 में दशहरे के बाद AQI 353 तक पहुंच गया था, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में था।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 15 किमी/घंटा की गति से चलने वाली हवाओं और बारिश ने प्रदूषकों को जमा होने से रोका। स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, 'सर्दियां अभी शुरू नहीं हुईं, और बारिश व हवाओं ने प्रदूषकों को फैलने से रोका। अन्यथा PM 2.5 का स्तर और ज्यादा होता।'
Delhi Weather Update: दिल्ली मौसम का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 4 से 8 अक्टूबर तक उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ की संभावना जताई है। दिल्ली में 5 अक्टूबर को हल्की बारिश और 6-7 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तापमान 25 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
पर्यावरण मंत्री का बयान
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करें और पटाखों का उपयोग न करें, ताकि दिल्ली की हवा को स्वच्छ रखा जा सके।
क्या 2025 की दिवाली पर पटाखे बैन रहेंगे?
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता को देखते हुए, 2025 की दिवाली पर भी पटाखों पर प्रतिबंध जारी रहने की संभावना है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) और पुलिस प्रशासन सख्ती से नियमों का पालन सुनिश्चित कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- Delhi Liquor: शराब ने दिल्ली सरकार का खजाना किया गुलजार, FY26 के पहले 6 महीनों में रेवेन्यू में रिकॉर्ड उछाल












Click it and Unblock the Notifications