दिल्ली में 50 हजार से ज्यादा किसान निकालेंगे आज 'गर्जना रैली': घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली किसान 'गर्जना रैली' में किसानों के लगभग 800 बसों और लगभग 4,000 निजी वाहनों से दिल्ली पहुंचने की संभावना है। ऐसे में आज सुबह 9 बजे से रामलीला मैदान के आसपास कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लगाया जाएगा।

Delhi Traffic Advisory Today Kisan Garjana Rally: दिल्ली में आज यानी सोमवार 19 दिसंबर को देशभर के किसान रामलीला मैदान में आयोजित 'गर्जना रैली' में इकट्ठा होंगे। भारतीय किसान संघ की ओर से दिल्ली में 'गर्जना रैली' का आयोजन रामलीला मैदान में किया जा रहा है। किसानों की रैली को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, रैली में करीब 55,000 किसानों के शामिल होने की उम्मीद है। ये किसान 700 से 800 बसों और करीब 4 हजार निजी वाहनों से दिल्ली आएंगे, ऐसे में दिल्ली में ट्रैफिक जाम होने की पूरी संभावना है।
किसानों की रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली में ट्रैफिक को देखते हुए आज कई सड़क बंद रहेंगी, वहीं कई रूट में भी बदलाव किए गए हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि उन्होंने भारतीय किसान संघ द्वारा सोमवार को मध्य दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जाने वाली किसान गर्जन रैली के मद्देनजर एक यातायात व्यवस्था योजना तैयार की है।
कई सड़कों पर डायवर्जन लागू
मामले से वाकिफ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि चूंकि अलग-अलग राज्यों से किसानों के लगभग 800 बसों और करीब 4,000 निजी वाहनों से दिल्ली पहुंचने की संभावना है, इसलिए सोमवार सुबह नौ बजे से रामलीला मैदान के आसपास कई सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किया जाएगा।
कौन से रूट से करें ट्रैवल
जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि दिल्ली में आज 08 डायवर्जन पॉइंट होंगे, जो हैं, महाराजा रणजीत सिंह मार्ग मीरदर्द चौक, मिंटो रोड, अजमेरी गेट, चमन लाल मार्ग, दिल्ली गेट-जेएलएन मार्ग, कमला मार्केट गोलचक्कर, हमदर्द चौक, भवभूति मार्ग और पहाड़गंज चौक।
यह सुनिश्चित करने के लिए कि आम यात्रियों को ट्रैफिक जाम में ना फंसना पड़े, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को सुबह 9 बजे से 07 सड़कों/चौराहों पर यातायात प्रतिबंध लगा सकती है।
ये सड़कें हैं, बाराखंभा रोड से गुरु नानक चौक तक, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड से कमला मार्केट गोलचक्कर, विवेकानंद मार्ग, दिल्ली गेट से गुरु नानक चौक तक जवाहरलाल नेहरू मार्ग, कमला मार्केट गोल चक्कर से गुरु नानक चौक, चमन लाल मार्ग, अजमेरी आसफ अली रोड की ओर गेट, और पहाड़गंज चौक और झंडेवालान चौराहे के बीच देश बंधु गुप्ता रोड से अजमेरी गेट तक।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने क्या-क्या कहा?
- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा, ''19 दिसंबर को रामलीला मैदान में आयोजित हो रही किसान गर्जन रैली की वजह से यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं।''
-पुलिस ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन प्लान भी पोस्ट किया है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से गुजारिश की है कि शहर में इंटरस्टेट बस टर्मिनलों के अलावा नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों की ओर जाने वालों को अपने गंतव्यों के लिए जल्दी निकलना चाहिए। उन्होंने लोगों से सड़कों की भीड़ कम करने में मदद करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए भी कहा है।
-ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने कहा, अपने वाहनों को पार्किंग एरिया में ही पार्क करें, सड़क के किनारे पार्किंग से बचें। अगर कोई असामान्य/अज्ञात वस्तु या व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में देखा जाता है, तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए।''












Click it and Unblock the Notifications