Delhi Robbery: दिल्ली पुलिस के सिपाही ने जान पर खेलकर रोकी 15 लाख की लूट, पिस्टल से लैस बदमाश को दबोचा, Video
Delhi Police 15 Lakh Robbery: दिल्ली पुलिस कांस्टेबल विवेक ने बिना डरे 15 लाख रुपए से भरे बैग को लूटकर भाग रहे हथियार से लैस बदमाश को बहुत ही दिलेरी के साथ पकड़ा। दिल्ली पुलिस ने इस घटना का वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया।

Delhi Police Constable Caught Robber: राजधानी दिल्ली जहां एक तरफ साक्षी नाम की नाबालिग लड़की के घिनौने हत्याकांड से दहल उठी है। तो दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस के एक जवान ने अपनी बहादुरी दिखाते हुए 15 लाख की लूट को अंजाम देकर भाग रहे बदमाश को दबोच लिया। बदमाश पिस्टल से लैस था बावजूद इसके पुलिस कांस्टेबल जरा सा भी नहीं डरा और उसे पकड़कर लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया।
दिल्ली के रानीबाग की घटना
वारदात दिल्ली के रानीबाग इलाके की है, जहां सोमवार को जांबाज कांस्टेबल विवेक ने लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद हाथ में पिस्टर लेकर भाग रहे बदमाश को पकड़ा। सिपाही की इस दिलेरी के लिए उसे सम्मानित किया गया है।
जानकारी के मुताबिक लूट की वारदात रानीबाग इलाके के होटल रमादा के नजदीक एपीजे स्कूल के पास हुई थी। यहां दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने मिलकर एक शख्स को घेर लिया और उसका 15 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा देख वहां से गुजर रहे कांस्टेबल विवेक ने बदमाशों का पीछा किया।
हाथ में गन, सिपाही को डराया, लेकिन...
हालांकि जब कांस्टेबल विवेक ने एक बदमाश को पकड़ा तो बदमाश पिस्टल दिखाते हुए कहने लगा कि मेरे हाथ में गन है, मैं मार दूंगा, लेकिन पुलिस जवान ने बेखौफ होकर बदमाश को धर दबोचा। दिल्ली पुलिस ने इस घटना का वीडियो अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर शेयर भी किया है।
सिपाही को किया सम्मानित
वीडियो पोस्ट करते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया, "अद्भुत साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए थाना रानी बाग के कांस्टेबल विवेक ने पेट्रोलिंग के दौरान लूटपाट कर रहे लुटेरों को देखकर चैलेंज किया और उनमें से एक पिस्तौलधारी आरोपी को पकड़ लिया।"
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरफ्तार किए गए बदमाश का नाम अमरजीत है, जिसके ऊपर पहले से ही 6 मुकदमे दर्ज है। इधर, सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद हर कोई जांबाज सिपाही की बहादुरी की तारीफ करता नजर आ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications