Delhi Next क्या है? 1 करोड़ युवाओं में सिर्फ 60 टीमें चुनी गईं!रेखा गुप्ता सरकार अब इन आइडिया को करेगी लागू
Delhi Next - Code, Create & Change: क्या तकनीक के जरिए ट्रैफिक जाम, जलभराव, प्रदूषण और सरकारी सेवाओं जैसी रोजमर्रा की समस्याओं का हल निकाला जा सकता है? इसी सोच के साथ शुरू किए गए 'दिल्ली नेक्स्ट - कोड, क्रिएट एंड चेंज' कार्यक्रम में देशभर के युवाओं ने ऐसे इनोवेटिव आइडिया पेश किए, जिन्हें अब सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि सरकार उन्हें पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जमीन पर उतारने की तैयारी कर रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम में शामिल युवा इनोवेटर्स की जमकर सराहना करते हुए कहा कि देश के युवाओं में बदलाव लाने की क्षमता है। अगर उन्हें सही मंच और अवसर मिले तो वे तकनीक के जरिए शहरों की तस्वीर बदल सकते हैं।

'Delhi Next' क्यों बना चर्चा का विषय?
दिल्ली सरकार का दावा है कि 'दिल्ली नेक्स्ट - कोड, क्रिएट एंड चेंज' देश का सबसे बड़ा सिविक-टेक इनोवेशन प्रोग्राम है। इस पहल के जरिए एक करोड़ से ज्यादा युवाओं तक पहुंच बनाई गई। इसमें छात्रों, डेवलपर्स, स्टार्टअप फाउंडर्स, उद्यमियों और टेक्नोलॉजी से जुड़े युवाओं को आमंत्रित किया गया, ताकि वे राजधानी की रोजमर्रा की चुनौतियों के लिए नए समाधान तैयार कर सकें। कई चरणों की स्क्रीनिंग और मूल्यांकन के बाद देशभर से टॉप 60 टीमों का चयन किया गया। इन टीमों ने अपने आइडिया सरकारी अधिकारियों, टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों और मेंटर्स के सामने प्रस्तुत किए।
चयनित टीमों ने ऐसे मॉडल तैयार किए जो सीधे लोगों की जिंदगी से जुड़े हैं। इनमें ट्रैफिक जाम कम करने, जलभराव से निपटने, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक सुरक्षा और डिजिटल नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे विषय शामिल रहे। इन प्रोजेक्ट्स की खास बात यह रही कि इन्हें केवल कॉन्सेप्ट के तौर पर नहीं बनाया गया, बल्कि इन्हें इस तरह डिजाइन किया गया है कि जरूरत पड़ने पर इन्हें बड़े स्तर पर लागू किया जा सके।
रेखा गुप्ता ने युवाओं से क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम में शामिल युवाओं की रचनात्मक सोच, तकनीकी समझ और समस्याओं को हल करने का नजरिया यह दिखाता है कि भारत की नई पीढ़ी सिर्फ नौकरी तलाशने वाली नहीं, बल्कि समाधान तैयार करने वाली पीढ़ी बन रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ऐसी हर पहल को आगे बढ़ाना चाहती है, जहां तकनीक सीधे लोगों की जिंदगी आसान बनाए और सरकारी कामकाज को ज्यादा प्रभावी बनाए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का आभार जताते हुए अपील की कि विकसित दिल्ली के निर्माण में हर युवा अपनी भूमिका निभाए और नए विचारों के साथ आगे आए।
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह केवल हैकाथॉन तक सीमित नहीं रहेगा। जिन टीमों के आइडिया चुने गए हैं, उन्हें अब दिल्ली सरकार के अलग-अलग विभागों के साथ मिलकर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया जाएगा। इन टीमों को विशेषज्ञों की मेंटरशिप, तकनीकी सहायता और एक तय कार्ययोजना भी दी जाएगी, ताकि उनके आइडिया फाइलों में बंद न रह जाएं, बल्कि लोगों तक पहुंच सकें।
युवाओं और सरकार के बीच बना नया पुल
'दिल्ली नेक्स्ट' का मकसद केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि युवाओं की सोच को सीधे सुशासन से जोड़ना है। यह कार्यक्रम बताता है कि अगर सरकार, तकनीकी विशेषज्ञ और युवा एक साथ काम करें तो शहरों की कई पुरानी समस्याओं का समाधान नए तरीके से निकाला जा सकता है।
दिल्ली सरकार की यह पहल इस बात का संकेत भी देती है कि आने वाले समय में तकनीक आधारित समाधान प्रशासनिक व्यवस्था का अहम हिस्सा बन सकते हैं। अगर पायलट प्रोजेक्ट सफल रहते हैं तो इन्हें बड़े स्तर पर लागू करने का रास्ता भी खुल सकता है।














Click it and Unblock the Notifications