Delhi NCR Air Pollution: क्रिसमस से पहले दिल्ली वालों को बड़ी राहत, GRAP-4 प्रतिबंध हटाए गए
Delhi pollution: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए क्रिसमस से पहले राहत की खबर है। वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP-4 की सख्त पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
बीते दिनों तेज हवाओं के चलते प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई, जिससे हालात 'गंभीर' से नीचे आए। हालांकि आयोग ने साफ किया है कि खतरा पूरी तरह टला नहीं है। GRAP के स्टेज-1, 2 और 3 के नियम अब भी लागू रहेंगे, ताकि हवा दोबारा खतरनाक स्तर पर न पहुंच सके।

हवा में सुधार के बाद क्यों लिया गया फैसला?
GRAP पर गठित सब-कमेटी की बैठक में IMD और IITM के ताजा पूर्वानुमानों की समीक्षा की गई। इसमें सामने आया कि हाल के दिनों में चली तेज हवाओं ने प्रदूषकों को फैलाने में मदद की, जिससे AQI में सुधार हुआ। 24 दिसंबर को दिल्ली का AQI 271 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। इसी आधार पर 13 दिसंबर से लागू GRAP-4 के प्रतिबंधों को हटाने का निर्णय लिया गया।
पूरी राहत क्यों नहीं, बाकी स्टेज अब भी लागू
हालांकि GRAP-4 हटाया गया है, लेकिन आयोग ने स्टेज-1, 2 और 3 को जारी रखा है। इसकी वजह यह है कि सर्दियों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलता है और प्रदूषण फिर बढ़ सकता है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, एहतियात बरतना जरूरी है। इन चरणों के तहत निर्माण कार्य, वाहनों और औद्योगिक गतिविधियों पर निगरानी जारी रहेगी ताकि स्थिति फिर 'गंभीर' न बने।
ये भी पढे़ं; Delhi Pollution पर दिल्ली HC सख्त, सरकार से पूछा- प्रदूषण नहीं रोक पा रहे तो एयर प्यूरीफायर पर GST क्यों?
हवा थमी तो बढ़ सकती है परेशानी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में हवा की रफ्तार कम हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो प्रदूषक कण फिर से वातावरण में जमा होने लगेंगे। इससे AQI तेजी से बढ़ सकता है। इसी आशंका के चलते आयोग ने बाकी चरणों को हटाने का जोखिम नहीं लिया। प्रशासन हालात पर लगातार नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर फिर से सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
ये भी पढे़ं: Shashi Tharoor Bihar Visit: बिहार की तारीफ करना शशि थरूर को पड़ा भारी, अब क्यों दे रहे हैं सफाई?
प्रशासन सख्त, लोगों से सहयोग की अपील
CAQM ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि GRAP-3 तक के नियमों को पूरी सख्ती से लागू किया जाए। किसी भी तरह की ढिलाई पर कार्रवाई होगी। साथ ही आम लोगों से भी जिम्मेदारी निभाने की अपील की गई है। खुले में कूड़ा जलाने से बचें, निजी वाहन कम इस्तेमाल करें और सार्वजनिक परिवहन को अपनाएं। नागरिकों के सहयोग से ही दिल्ली-एनसीआर की हवा को साफ रखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications