यूपीएससी एग्जाम के लिए दिल्ली मेट्रो ने 16 जून को बदला ट्रेन का समय, छात्रों के लिए बड़ी राहत
Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो ने यूपीएससी की परीक्षा को देखते हुए फेज-3 सेक्शन की सर्विस टाइमिंग में बदलाव का ऐलान किया ह। यूपीएससी की परीक्षा 16 जून को होनी है। ऐसे में दिल्ली मेट्रो ने सुबह 8 बजे की बजाए मेट्रो ट्रेन का संचालन सुबह 6 बजे से करने का फैसला लिया है।
यह खास व्यवस्था छात्रों की सहूलियत के लिए की गई है, ताकि जो भी छात्र यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, उन्हें परीक्षा सेंटर पहुंचने में किसी भी तरह की दिक्कत ना हो।

डीएमआरसी की ओर से शुक्रवार को कहा गया है कि फेज-3 सेक्शन में मेट्रो ट्रेन की सेवा सामान्य तौर पर रविवार को सुबह 8 बजे से शुरू होती है लेकिन 16 जून को यह सुबह 6 बजे से शुरू हो जाएगी। यह व्यवस्था उन छात्रों को ध्यान में रखते हुए की गई है जो रविवार को यूपीएससी की परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं।
हालांकि बाकी की मेट्रो सेवा का संचालन अपने सामान्य समय पर ही होगा। बाकी के सेक्शन पर मेट्रो ट्रेनों का संचालन सुबह 6 बजे से ही होता है। फेज-3 सेक्शन में ट्रेनों के संचालन का समय अलग है, इसमे दिलशाद गार्डेन-शहीद स्थल, नोएडा सिटी सेंटर-नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी, मुंडका-ब्रिगेडियर होशियार सिंह, बदरपुर बॉर्डर-राजा नगर सिंह, मजलिस पार्क-शिव विहार, जनकपुरी वेस्ट-बोटोनिकल गार्डेन और धांसा बस स्टैंड-द्वारका शामिल हैं।
यूपीएससी 16 जून को सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन करने जा रहा है। देशभर में अलग-अलग सेंटर पर परीक्षा का आयोजन कराया जाएगा। बता दें कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा का तीन चरण में आयोजन कराता है। प्रारंभिक, मुख्य और इंटरव्यू। इसके जरिए आईएएस, आईएफएस, आईपीएस समेत अन्य पदों पर भर्ती की जाती है।












Click it and Unblock the Notifications