दिल्ली मेयर चुनाव से पहले बीजेपी को फायदा, MCD के निर्दलीय पार्षद गजेंद्र दराल पार्टी में शामिल
दिल्ली में मेयर के लिए होने वाले चुनाव से पहले सोमवार को एक निर्दलीय पार्षद गजेंद्र दराल बीजेपी में शामिल हो गए। वह मुंडका से चुनाव जीते हैं और अब बिना शर्त भाजपा में आकर सियासी पारा चढ़ा दिया है।

दिल्ली नगर निगम के मेयर के लिए होने वाले चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को सोमवार को बड़ा फायदा मिला है। निर्दलीय पार्षद गजेंद्र दराल पार्टी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा ने एक बयान जारी करके निर्दलीय निगम पार्षद गजेंद्र दराल के पार्टी में शामिल होने की बात कही है। गजेंद्र दराल इसी महीनें हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में मुंडका से निर्दलीय चुनाव जीते थे। दिल्ली नगर निगम के मेयर का चुनाव 6 जनवरी को होना है, उससे पहले बीजेपी के पार्षदों की संख्या बढ़ना उसके लिए अच्छी खबर मानी जा रही है।
निर्दलीय पार्षद गजेंद्र दराल भाजपा में शामिल
4 दिसंबर को हुए दिल्ली नगर निगम चुनाव में दो महिलाओं समेत कुल तीन निर्दलीय प्रत्याशियों को कामयाबी मिली थी। इसमें मुंडका से गजेंद्र दराल भी शामिल थे। 250 सीटों वाले दिल्ली नगर निगम में प्रदेश की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने 134 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। जबकि, तीन बार से एमसीडी पर काबिज रही बीजेपी सिर्फ 104 सीटें ही जीत पाई थी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की मौजूदगी में हुए शामिल
गजेंद्र दराल सोमवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी विधायक विजेंद्र गुप्ता की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए हैं। उनका पार्टी में स्वागत करते हुए सचदेवा ने कहा है कि उनके आने से पार्टी मजबूत होगी। वो बोले, 'बीजेपी ऐसी पार्टी है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की एक अलग जिम्मेदारी है और हमें पूरा विश्वास है कि गजेंद्र दराल को जो जिम्मेदारी मिलेगी वह उसे पूरा करेंगे।'
बिना शर्त बीजेपी में शामिल- गजेंद्र दराल
वहीं पार्टी विधायक विजेंद्र गुप्ता ने दराल के बारे में कहा कि उनकी ग्रामीण इलाकों में अच्छी पकड़ है और उनके बीजेपी में शामिल होने से निश्चित रूप से पार्टी मजबूत होगी। वहीं दराल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा की भावना और कार्य संस्कृति एवं पार्टी की विचाधारा के चलते वह 'बिना शर्त' बीजेपी में शामिल हुए हैं।
एमसीडी में बीजेपी पार्षदों की संख्या हुई 105
भाजपा के बयान में पार्षद की ओर से कहा गया है, 'दिल्ली प्रदेश यूनिट के मजबूत संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जाहिर किया है, उस पर मैं हमेशा खरा उतरूंगा।' दराल के पार्टी में शामिल होने से दिल्ली नगर निगम में भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 105 पहुंच गई है।
दिलचस्प बात ये है कि एमसीडी के मेयर के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए अब एक ही दिन बचा है। भाजपा के पास बहुमत नहीं है और यह चर्चा आम है कि बीजेपी किसी निर्दलीय पर दांव खेल सकती है। ऐसे में गजेंद्र दराल को पार्टी में लाकर भाजपा ने राजधानी का सियासी पारा चढ़ा दिया है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications