दिल्ली के सात लाख कारोबारी आज हड़ताल पर, बंद को 'आप' का समर्थन
नई दिल्ली। दिल्ली में एमसीडी की ओर से की जा रही सीलिंग के विरोध में मंगलवार को व्यापारियों ने दिल्ली बंद बुलाया है। इसके चलते दिल्ली के अधिकतर बाजार बंद रहेंगे। व्यापारियों के इस विरोध का आम आदमी पार्टी समर्थन कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने बताया था कि, 'दिल्ली के व्यापारियों के विरोध के बावजूद भाजपा शासित एमसीडी सीलिंग के माध्यम से व्यापारियों चौपट करना चाह रही है। इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी इसके साथ खुदरा बाजार में एफडीआई की विरोध करेगी। नगर निगम द्वारा की जा रही सीलिंग के खलाफ मंगलवार को होने वाले दिल्ली बंद में व्यापारी अपने हाथों में कटोरा लेकर पैदल मार्च करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन चैम्बर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) द्वारा किया जाएगा।

सात लाख से ज्यादा व्यापारी अपना कारोबार बंद रखेंगे
दो हजार से अधिक व्यापारिक संगठनों के सात लाख से ज्यादा व्यापारी अपना कारोबार बंद रखेंगे। थोक बाजार और रिटेल बाजार सभी मंगलवार दिल्ली में बंद रहेंगे और कोई भी कारोबारी गतिविधियां नहीं होंगी। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि शहरी क्षेत्र में चांदनी चौक, खरी बावली, कश्मीरी गेट, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, नई सड़क, नया बाजार, श्रद्धानन्द बाजार, लाहौरी गेट, दरियागंज, मध्य दिल्ली में कनॉट प्लेस, करोल बाग, पहाड़गंज, खान मार्केट, उत्तरी दिल्ली में कमला नगर, अशोक विहार, मॉडल टाउन, शालीमार बाग, पीतमपुरा, पंजाबी बाग, पश्चिमी दिल्ली में राजौरी गार्डन, तिलक नगर, नारायणा, कीर्ति नगर, दक्षिणी दिल्ली में ग्रेटर कैलाश, साउथ एक्सटेंशन, डिफेंस कॉलोनी, हौज खास, ग्रीन पार्क और पूर्वी दिल्ली में लक्ष्मी नगर, प्रीत विहार, मयूर विहार, शाहदरा, कृष्णा नगर, गांधी नगर, दिलशाद गार्डन, लोनी रोड सहित प्रमुख बाजार पूरे तौरपर बंद रहेंगे।

सीलिंग के खिलाफ मंगलवार को 'आप' का दिल्ली बंद
दिनभर के दिल्ली व्यापार बंद के दौरान व्यापारी राजधानी में 6 जगहों पर धरना करेंगे, जिनमें चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन पर, कमला नगर, मॉडल टाउन, राजौरी गार्डन, साउथ एक्सटेंशन व कृष्णा नगर शामिल है। विभिन्न बाजारों में व्यापारी सुबह विरोध मार्च भी निकालेंगे। व्यापारियों की मांग है कि सरकार दिल्ली के व्यापार को सीलिंग से बचाने के लिए तुरंत आवश्यक कदम उठाए। सीलिंग के खिलाफ मंगलवार को 'आप' दिल्ली बंद करेगी। पार्टी ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में व्यापक प्रदर्शन करने की योजना बनाई है। दिल्ली सरकार में मंत्री इमरान हुसैन, गोपाल राय और चांदनी चौक की पूर्व विधायक अलका लाम्बा पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में टाउन हॉल के सामने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विरोध प्रदर्शन करेंगे। यहां पर दिल्ली के दूसरे हिस्सों से भी व्यापारी पहुंचेंगे। बंद का नेतृत्व गोपाल राय करेंगे।

निगमों में कन्वर्जन शुल्क के नाम पर हजारों करोड़ का घोटाला
आदर्श नगर, चांदनी चौक, करोल बाग, नई दिल्ली, पटपड़गंज, शाहदरा, करावल नगर, बाबरपुर, तिलक नगर, नजफगढ़, बादली, रोहिणी, महरौली और संगम विहार सहित दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में 'आप' प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन सफल बनाने के लिए गोपाल राय ने रविवार को पार्टी दफ्तर में विधायकों, पार्षदों और जिला अध्यक्षों की बैठक ली थी। 'आप' ने सीलिंग को लेकर भाजपा शासित निगमों पर हमला बोला था। आरोप है कि निगमों में कन्वर्जन शुल्क के नाम पर हजारों करोड़ का घोटाला हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications