दिल्ली महिला आयोग के सभी संविदा कर्मचारी बर्खास्त, LG वीके सक्सेना का बड़ा एक्शन
DCW Contractual Employees Sacked: दिवाली से पहले दिल्ली महिला आयोग ने अपने सभी संविदा कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना की मंजूरी के बाद सहायक सचिव ने बर्खास्तगी के आदेश जारी कर दिए हैं। दिल्ली एलजी की मंजूरी के साथ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अप्रैल 2024 के ऑर्डर के अनुपालन में यह आदेश पारित किया गया है।
डीसीडब्ल्यू के सहायक सचिव गौतम मजूमदार ने सभी संविदा कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश जारी किया है। भर्तियों में अनियमितताओं को लेकर यह कार्रवाई की गई है। बिना मंजूरी के संविदा कर्मियों की भर्ती की गई थी।

जानिए आदेश में क्या कहा?
जारी ऑर्डर में कहा गया है कि, "महिला एवं बाल विकास विभाग के अतिरिक्त निदेशक के आदेश दिनांक 29.04.2024 के अनुपालन में, जीएनसीटीडी ने दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल से दिल्ली महिला आयोग को इस आयोग में कार्यरत सभी संविदा कर्मचारियों की सेवाओं को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की मंजूरी दे दी है, जिन्हें किसी भी समय डीसीडब्ल्यू द्वारा नियुक्त किया गया है, सभी संविदा कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाती हैं।"
223 कर्मचारियों की हो चुकी है छुट्टी
इससे पहले दिल्ली उपराज्यपाल ने मई महीने में दिल्ली महिला आयोग से 223 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दे दिया था। उस दौरान आरोप था कि डीसीडब्ल्यू की तत्कालीन अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने नियमों के खिलाफ जाकर बिना अनुमति के इन कर्मचारियों को नियुक्ति किया था।
ये भी पढ़ें: Delhi AQI: दिल्ली में फिर सांस लेना मुश्किल, डीजल जनरेटर निर्माण पर रोक, GRAP-II की पाबंदियां
मालूम हो कि यह कार्रवाई 2017 की एक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसमें कहा गया था कि इन कर्मचारियों की नियुक्ति बिना आवश्यक अनुमति और प्रक्रिया के की गई थी। दिल्ली महिला आयोग के पास केवल 40 स्वीकृत पद हैं, लेकिन आयोग में इसके अलावा संविदा पर कई अन्य कर्मचारी नियुक्त किए गए थे, जिनकी स्वीकृति वित्त विभाग या उपराज्यपाल से नहीं ली गई थी।












Click it and Unblock the Notifications