IP यूनिवर्सिटी कैंपस का उद्घाटन: एलजी और सीएम केजरीवाल दोनों ने मिलकर काटा फीता, पहले तनातनी की थी खबर
LG VK Saxena vs CM Arvind Kejriwal: दिल्ली में IP यूनिवर्सिटी के नए कैंपस के उद्घाटन को लेकर दिल्ली सरकार और राजभवन के बीच टकराव की खबर सामने आ रही थी। यह टकराव फीता काटने को लेकर थी।

दिल्ली में एक बार फिर से एलजी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच तनातनी देखने को मिली। जब दोनों नेताओं के बीच IP यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन करने को लेकर विवाद की खबरें सामने आने लगी थीं। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक कहा जा रहा था कि नए कैंपस के उद्घाटन के लिए दोनों नेताओं ने अलग-अलग टाइमिंग दे दी है। लेकिन अब मामला सुलझ गया है। दरअसल, दोनों नेताओं ने मिलकर फीता काटा है।
क्या था विवाद
दरअसल, बुधवार शाम को ऐसी खबर सामने आ रही थी कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के बीच गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के नए कैंपस के उद्घाटन को लेकर विवाद हो गया है। इसको लेकर दिल्ली सरकार में शिक्षा मंत्री आतिशी ने बताया था कि इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे, लेकिन उपराज्यपाल निवास ने इस पर आपत्ति जाहिर की है। निवास की तरफ से जारी एक नोट में कहा गया है कि यह पहले ही तय था कि उद्घाटन एलजी विनय कुमार सक्सेना करेंगे।
आतिशी ने गुरुवार सुबह को भाजपा को दिया था चैलेंज
वहीं आम आदमी पार्टी इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के नए कैंपस बनाने के लिए केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को क्रेडिट दे रही थी। उद्घाटन के लिए भी मुख्यमंत्री का नाम प्रस्तावित किया था। आतिशी ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि भाजपा वालों अब यह करके दिखाओ। आज अरविंद केजरीवाल दिल्ली सरकार द्वारा बनाए गए इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी के नए कैंपस का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने मनीष सिसोदिया को याद करते हुए लिखा कि मनीष जी मैं आपके काम को हरगिज नहीं रुकने दूंगी।
शिक्षा दिल्ली सरकार विषय है लेकिन उद्घाटन लाटसाहेब करेंगे: संजय सिंह
वहीं आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने एलजी वीके सक्सेना पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के LG ख़ुद को सुप्रीम कोर्ट से ऊपर मानते हैं। शिक्षा दिल्ली सरकार विषय है लेकिन उद्घाटन लाटसाहेब करेंगे। इसे कहते हैं बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना।












Click it and Unblock the Notifications