ओमिक्रॉन की दहशत: दिल्ली में सोमवार से नाइट कर्फ्यू, रात 11 से सुबह 5 बजे तक रहेगा लागू
नई दिल्ली, 26 दिसम्बर। ओमिक्रॉन की दहशत के बीच केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। नाइट कर्फ्यू 27 दिसम्बर सोमवार से लागू किया जाएगा जो रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
Recommended Video

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 290 नए मामले रिपोर्ट किए गए जबकि एक कोविड से एक व्यक्ति की मौत हुई। कोरोना वायरस संक्रमण का पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 0.55 प्रतिशत हो गई है।
राजधानी में कोरोना वायरस के कुल संक्रमण की संख्या 14,43,352 हो गई है जबकि वायरस की शुरुआत के बाद से अब तक 25,105 लोग इसके चलते मौत के मुंह में समा चुके हैं। राज्य में एक्टिव केस की संख्या 1103 है जिसमें 583 मरीज होम आइसोलेशन में अपना इलाज कर रहे हैं।
क्या हो सकता है आगे?
दिल्ली सरकार की चार चरणों वाली ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत, अगर सकारात्मकता दर लगातार दो दिनों तक 0.5 प्रतिशत पर स्थिर रहती है, तो येलो अलर्ट शुरू हो जाएगा जिससे कई अतिरिक्त प्रतिबंध लग जाएंगे। जीआरएपी को को जुलाई में दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा कोविड की तीसरी लहर के चलते मंजूरी दी गई थी। इसका उद्देश्य स्थिति के आधार पर प्रतिबंध लगाना और हटाना है।
अगर येलो अलर्ट लगता है तो दूसरी लहर के खत्म होने के बाद जो गतिविधियां शुरू की गई थीं उन पर फिर से रोक लग जाएगी। इसमें गैर-जरूरी सामान और सेवाएं उपलब्ध कराने वाली दुकानों और मॉल के संचालन के समय पर रोक रहेगी। ऑड-ईवन नियम के तहत उन्हें सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खोलने की अनुमति होगी।
शहर में रेस्टोरेंट को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक संचालित करने की अनुमति होगी और इसे 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोला जाएगा।
मौजूदा समय में खोले जा रहे सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को फिर से बंद कर दिया जाएगा। हालांकि, होटलों को खुले रहने की अनुमति होगी।
स्पा, जिम, योग संस्थान और मनोरंजन पार्क बंद रहेंगे। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, स्टेडियम और स्विमिंग पूल बंद रहेंगे। लेकिन इन जगहों पर राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के आयोजन पर कोई पाबंदी नहीं होगी। सार्वजनिक पार्क खुले रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications